राजधानी रांची दुर्गा पूजा के रंग में रंग गई है। शुक्रवार को रांची में नौ पूजा पंडालों का उद्घाटन हुआ। पंडाल का उद्घाटन हाते ही मां के भक्त दर्शन के लिए उमड़ पड़े। बारिश के बावजूद लोगों की भारी भीड़ पूजा पंडालों में देखी गई। रास्ते में पानी जमा है या
.
हर उम्र के लोग मां के दरबार की ओर बढ़े चले जा रहे थे। पंडाल के आसपास गूंजती मां के भक्ति गीतों से माहौल और भक्तिमय हो रहा था। लोगों के मुंंह से मां शेरावाली के जयकारे गूंज रहे थे। आज राजधानी के अन्य पूजा पंडालों के पट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे।
बकरी बाजार में कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया है।
भारतीय नवयुवक संघ बकरी बाजार, रांची में कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया है। 1.10 करोड़ रुपए की लागत से इसे बनाया गया है। यह पंडाल 110 फीट ऊंचा, 120 फीट चौड़ा और 120 फीट लंबा है। पंडाल और मूर्ति इको फ्रेंडली है। मूर्ति में हर्बल पेंट का उपयोग किया गया है।

कन्याओं ने दुर्गा स्तुति की, इसके बाद दीप जलाकर पंडाल का उद्घाटन किया।
पंडाल का उद्घाटन 31 कुंवारी कन्याओं ने किया। संभवत: यह रांची का पहला पूजा पंडाल है, जिसका उद्घाटन 31 कुंवारी कन्याओं ने किया है। उद्घाटन से पूर्व बकरी बाजार प्रांगण में स्थित मां दुर्गा के मंदिर में सभी कन्याओं का पूजन समिति के सदस्यों के घर से आई महिलाओं ने किया।
पूजन के बाद कन्याओं का चरण स्पर्श किया। मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित पूजा पंडाल तक शोभायात्रा निकाली गई। सभी कुंवारी कन्याएं आगे-आगे चल रही थीं। श्रद्धालु भी साथ चल रहे थे। गाजे-बाजे के साथ यह यात्रा निकली। पुष्प वर्षा की जा रही थी। ढोल-ताशा और ढाक के साथ माता रानी के जयकारे से पूरा अपर बाजार गूंज उठा।

ओसीसी क्लब: उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया उद्घाटन।
शुक्रवार की शाम 8.20 बजे जैसे ही अपर बाजार से सटे बांग्ला स्कूल लेन में ओसीसी क्लब के सौजन्य से बने पूजा पंडाल का उद्घाटन हुआ पूरा क्षेत्र मां के जयकारे गूंज उठा। बारिश के बावजूद भी श्रद्धालु मां के दर्शन को आने लगे। उद्घाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया। इस दौरान एसडीओ और एडीएम भी मौजूद थे। इन्होंने पंडाल में बच्चों द्वारा पेश किए गए धुनुची नृत्य और डांडिया कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। एक तरफ पंडाल के साथ युवा सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे वहीं बारिश में पंडाल परिसर में लगे फूड स्टॉल का श्रद्धालु लुत्फ उठा रहे थे।

हरमू पंच मंदिर: पंडाल की खूबसूरती को लोगों ने बताया अद्भुत।
हरमू पंच मंदिर में पूजा पंडाल का जैसे ही उद्घाटन हुआ, पूरा क्षेत्र मां के जयकारे से गूंज उठा। बारिश के बावजूद भी श्रद्धालु मां के दर्शन को आने लगे। पंएक तरफ पंडाल के साथ युवा सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे वहीं बारिश में पंडाल परिसर में लगे फूड स्टॉल का श्रद्धालु लुत्फ उठा रहे थे। पंडाल की खूबसूरती देख मां के भक्तों ने इसे अद़भूत नजारा बताया। पंडाल के आसपास कई स्टॉल लगे हैं, जो लोगों को बरबस आकर्षित कर रहे हैं।

राजस्थान मित्र मंडल: लोगों को साक्षर बनाने का संदेश दे रहा पंडाल।
अपर आजार क्षेत्र स्थित राजस्थान मित्र मंडल का पंडाल लोगों को साक्षर बनाने का संदेश दे रहा है। पंडाल का उदघाटन शुक्रवार को हुआ। उद्घाटन होते ही बड़ी संख्या में भक्त उमड़े। इसकी भव्यता और सजावट ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। परिसर में बनाए गए कई कलाकृतियों ने लोगों का मन मोह लिया और बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी इसके साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। पंडाल उद्घाटन के पहले ही दिन आकर्षण का केंद्र बन गया था। आने वाले दिनों में यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

आरआर स्पोर्टिंग: मां की एक झलक पाने के लिए भक्त आतुर।
रातू रोड दुर्गा मंदिर स्थित आरआर स्पोर्टिंग पूजा समिति के भव्य पंडाल का पट आज शाम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। सीएम हेमंत सोरेन ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया। मंच पर जाकर मां को नमन किया और आयोजन समिति ने चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। हल्की-हल्की बारिश और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह पूरा नजारा उद्भुत रहा। श्रद्धालु छतरियों और बारिश के बीच मां की एक झलक पाने को आतुर थे। पंडाल की खूबसूरती और लाइटिंग देख श्रद्धालु कहने लगे अद्भुत। बारिश कम होने पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी।

ज्योति संगम: सूप और बांस से बना पंडाल खास आकर्षण।
बालकृष्णा हाईस्कूल, अपर बाजार के प्रांगण में ज्योति संगम श्री दुर्गा पूजा समिति के सौजन्य से भव्य पंडाल बनाया गया है। पंडाल सूप और बांस से बना है, जिसमें मिट्टी से बनी कई कलाकृतियां लोगों को लुभा रही हैं। साथ ही बंगाल के कारीगरों ने थ्रीडी पेंटिंग की झलकियां भी दिखाई हैं। मां की मूर्ति 15 फीट की है। 3डी पेंटिंग में मां के भव्य रूप बहुत आकर्षक और मनोहारी है। मां रथ पर सवार सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। उद्घाटन के बाद भजन संध्या पर सभी झूम उठे।

चंद्रशेखर आजाद: जन्म से मृत्यु तक की जीवनयात्रा यहां दिखेगी।
मेन रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति पंडाल का उदघाटन शुक्रवार की शाम 7 बजे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष समेत अन्य लोग मौके पर मौजूद रहे। पूजा पंडाल के अंदर व बाहर भव्य तरीके से लाईटिंग की गई है। पंडाल खुलते ही श्रद्वालुओं की भीड़ जमा हो गई। जन्म से मृत्यु तक की जीवन यात्रा के थीम पर बनाए गए पंडाल को श्रद्वालुओं ने खूब सराहा। पंडाल के अंदर दुर्गा मां की प्रतिमा के सामने सेल्फी लेने वालों की होड़ लग गई।
