सहरसा में 3 शिक्षकों ने 17 वर्षीय छात्रा के साथ रेप कर उसे जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की है। सोमवार की देर रात पिता के आवेदन पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
पिता ने कौशल विकास केंद्र के शिक्षक विष्णु झा पर रेप और जहर खिलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दो अन्य शिक्षकों, मुकेश यादव और विजेंद्र ठाकुर, पर भी इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। मृतका इंटर की छात्रा थी और अपने गांव से सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के सैनी टोला स्थित कौशल विकास केंद्र में कंप्यूटर कोर्स करने जाती थी।
सोमवार को कोर्स होना था खत्म
तीन महीने का यह कंप्यूटर कोर्स सोमवार को पूरा होना था। रविवार दोपहर को छात्रा बारिश के बावजूद कंप्यूटर क्लास करने घर से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे पिता को सूचना मिली कि उनकी बेटी सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती है।
साथ जाने बोल रहे थे शिक्षक
अस्पताल पहुंचने पर पिता ने अपनी बेटी को गंभीर हालत में देखा। पिता ने बताया कि कौशल विकास केंद्र के शिक्षक विष्णु झा मेरी बेटी के साथ जबरदस्ती कर रहे थे। वो उसे अपने साथ जाने बोल रहे थे। जब वो पुलिस को फोन लगाने गई तो शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारा।
इसके बाद उसके साथ रेप किया फिर पानी में जहर मिलाकर उसे पिला दिया। बेटी की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया और आरोपी मौके से फरार हो गया।
मरने से पहले दादी से बताई सारी बात
मृतका की दादी ने बताया कि रविवार को बारिश हो रही थी इसलिए हमने से कोचिंग जाने से मना किया था। लेकिन सोमवार को उसके कोर्स का आखिरी दिन था इसलिए वो जाने की जिद कर रही थी। इसलिए फिर हमने जाने दिया। मुझे क्या पता था कि मेरी पोती आज आखिरी बार मिलकर मुझे जा रही है।
रविवार की दोपहर 3:00 बजे जब हम अस्पताल पहुंचे तो उसने बताया कि उसके साथ जबरदस्ती की गई। मना करने पर शिक्षक ने उसे एक थप्पड़ मारा, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद बोतल में कुछ लेकर आया और उसे पीला दिया।
इसके बाद कुछ देर के बाद उसे उल्टी होनी शुरू हो गई। शिक्षक ने उसे फिर अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया गया। जहां से वह उसे छोड़कर फरार हो गया।
मामले की जांच में जटी पुलिस
सिमरी बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने कहा कि पॉइजनिंग केस का मामला 5 अक्टूबर की रात सामने आया। इसके बाद मृतका के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाया है। जिसमें रेप व जहर खिलाए जाने का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
