अवैध रूप से बन रहे होटल को सील करते नगर निगम के अधिकारी।
पंजाब के अमृतसर में नगर निगम ने शनिवार को बिना मंजूर नक्शे के चल रहे अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने गोल्डन टेंपल के आसपास और अमृतसर सेंट्रल एरिया में 8 होटलों को सील कर दिया।
.
यह कार्रवाई निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के आदेशों पर म्यूनिसिपल टाउन प्लानिंग (एमटीपी) विभाग की ओर से की गई। निगम की इस कार्रवाई से होटल मालिकों में हड़कंप मच गया। वे टीम को कुछ और समय देने की बात कहते नजर आए, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी।
टीम के मुताबिक, सील किए गए 6 होटलों में काम चल रहा था। इनका निर्माण भी रुकवा दिया है। इनके अलावा दो बड़े होटलों को भी सील किया गया।
गोल्डन टेंपल क्षेत्र में होटल पर सीलिंग के 3 PHOTOS…
अवैध रूप से बन रहे होटल मंगोलिया को सील करते नगर निगम के अधिकारी।

होटल टिम हिल्टन पर सीलिंग की कार्रवाई करती नगर निगम की टीम।

गोल्डन टेंपल क्षेत्र में तंग गली में बनाए जा रहे होटल को सील किया गया।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए क्यों हुई कार्रवाई…
- सेंट्रल जोन के विभिन्न इलाकों में की गई कार्रवाई : एमटीपी नरेंद्र शर्मा की देखरेख में यह सीलिंग कार्रवाई घी मंडी, शेरा वाला गेट, बकरवाना बाजार और पुराने इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट ऑफिस के पास बने उन होटलों को सील किया, जो बिना निगम की मंजूरी के थे। टीम में एटीपी परमिंदर जीत सिंह, एटीपी मनजीत सिंह, बिल्डिंग इंस्पेक्टर नवजोत कौर, बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास गौतम और अन्य फील्ड स्टाफ शामिल थे।
- नोटिस दिए, नहीं पास कराया नक्शा : एमटीपी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि निगम टीम ने लगातार अवैध निर्माण पर कार्रवाई कर रही है। सर्वे करा कर ऐसे निर्माणों को चिह्नित किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत चल रहे है। जिन होटलों पर कार्रवाई की गई है, उन्हें पूर्व में नोटिस भेजा गया था। इसके बावजूद कोई जवाब नहीं दिया। इसी के बाद सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई गई।
- टिम हिल्टन और मंगोलिया होटल को भी सील किया : एटीपी ने जानकारी दी कि होटल टिम हिल्टन व मंगोलिया होटल को भी सील किया गया है। इसके अलावा 6 होटल निर्माणाधीन थे, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन होटलों को सील किया गया है, जबकि निर्माणाधीन होटलों का काम रुकवा दिया गया है।
- सील तोड़ी तो होगा मामला दर्ज : एमटीपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति ने विभाग की अनुमति के बिना सील तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया, तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। निगम का लक्ष्य है कि शहर में बिना स्वीकृति के एक भी निर्माण न हो और सभी निर्माण कार्य नगर निगम के बिल्डिंग बायलॉज के अनुरूप हों।
- बिना मंजूरी निर्माण पर होगी कार्रवाई : एमटीपी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बिना नक्शा पास करवाए किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ निगम की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान शहर में निर्माण व्यवस्था को व्यवस्थित करने और अवैध इमारतों पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है।

होटल को सील करते निगम अधिकारी।
गोल्डन टेंपल के पास तंग गलियों में बने होटल नगर निगम का ध्यान उन होटलों पर व व्यवसायिक बिल्डिंगों पर है, जो तंग गलियों में बन रही हैं। गोल्डन टेंपल के पास कई ऐसी बिल्डिंगें हैं, जिनका गुपचुप ढंग से निर्माण किया गया है। यह ना तो सुरक्षा के लिहाज से सही है और ना ही होटल बनाए जाने के उपयुक्त है।
1500 से अधिक बिल्डिंगों पर कार्रवाई 2025 में अमृतसर नगर निगम ने अब तक 1500 से अधिक अवैध और बिना अनुमति के बनी हुई बिल्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें से कई इमारतों को नोटिस देने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर तोड़फोड़ भी की गई। इस कार्रवाई का मकसद शहर में अव्यवस्था और अनियंत्रित निर्माण को रोकना है ताकि शहरी विकास सुनियोजित ढंग से सुरक्षित तरीके से हो सके।
