करनाल में बुधवार सुबह नेशनल हाइवे स्थित देवीलाल चौक के पास गुरुद्वारे वाली साइड में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। राहगीरों ने जब युवक को बेल्ट से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।
.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बिहार निवासी 20 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई, जो करनाल में परिवार के साथ रहकर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था।
पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद मृतक के परिजन।
जेब से मिली स्कूटी की चाबी, पर वाहन नहीं मिला
मृतक की जेब से मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी मिली, लेकिन स्कूटी का कोई पता नहीं चला। परिजनों के मुताबिक, यह स्कूटी उस दुकान की थी जहां अमरजीत काम करता था। वह दोपहर करीब दो बजे यह कहकर निकला था कि लंच करने जा रहा है, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि रात को घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने सोचा कि वह किसी दोस्त के पास होगा, लेकिन सुबह उसकी तलाश शुरू की तो शव देवीलाल चौक के पास पेड़ से लटका मिला।
पिता ने कहा- बेटे को किसी ने बुलाया, मोबाइल की जांच हो
मृतक के पिता अशोक कुमार ने बताया कि अमरजीत ने रात को फोन किया था। पहले उसने मां को कॉल किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई, फिर मेरे पास कॉल किया और कहा कि घर पर कोई फोन नहीं उठा रहा। मैंने कहा था कि सब बिजी होंगे।
इसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई। पिता ने कहा कि अमरजीत की जेब से मिला मोबाइल अब पुलिस के पास है। उन्होंने मांग की कि मोबाइल की जांच की जाए ताकि यह पता चल सके कि आखिरी कॉल किसका था और वह वहां किसके बुलावे पर गया था।

जानकारी देता मृतक का पिता।
खुशमिजाज था बेटा, खुदकुशी नहीं कर सकता: परिवार
परिजनों का कहना है कि अमरजीत बहुत खुशमिजाज था और ऐसा कदम नहीं उठा सकता। उसका किसी से झगड़ा भी नहीं था। परिवार को शक है कि उसे बुलाकर किसी ने साजिश के तहत मौत के घाट उतारा है और बाद में इसे आत्महत्या का रूप दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी हाउस करनाल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
