कोडरमा जिले में प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने से नाराज सहियाओं ने पीएचसी कार्यालय में ताला जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने खाता प्रबंधक को करीब दो घंटे तक कार्यालय में बंद रखा। चिकित्सा प्रभारी के आश्वासन के बाद ताला खोला गया।
.
सहिया दीदी मधुबाला देवी ने बताया कि वे 2020 से जेएसवाई, परिवार नियोजन (स्थायी और अस्थायी) के तहत कार्यरत हैं। पिछले पांच सालों से उन्हें प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसी नाराजगी के चलते बुधवार दोपहर सहियाएं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा पहुंचीं और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सहियाओं ने पीएचसी के प्रखंड खाता प्रबंधक के कार्यालय में ताला लगा दिया। उस समय प्रबंधक सुशांती लकड़ा कमरे के अंदर ही मौजूद थीं और उन्हें अंदर बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीएचसी प्रभारी डॉ. आर.पी. शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सहियाओं से कार्यालय का ताला खोलने की अपील की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
18 तक उनके बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया
इसके बाद चिकित्सा प्रभारी ने सहियाओं को 18 अक्टूबर तक उनके बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया। सहियाओं ने चिकित्सा प्रभारी से लिखित आश्वासन की रसीद लेने के बाद लगभग दो घंटे बाद कार्यालय का ताला खोला।
सहिया दीदी रानी देवी ने चेतावनी दी कि यदि 18 अक्टूबर तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे फिर से तालाबंदी करेंगी।
