कौशल किशोर ने नामांकन का पर्चा किया दाखिल
राजगीर विधानसभा क्षेत्र से जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक कौशल किशोर ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हरियाणा के पूर्व राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के पुत्र कौशल किशोर की कुल पारिवारिक संपत्ति अब 2.23 करोड़ से अधिक हो गई
.
बैंक बैलेंस में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी
52 वर्षीय कौशल किशोर की व्यक्तिगत चल संपत्ति में जो इजाफा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। 2020 में जहां उनकी कुल चल संपत्ति महज 32.78 लाख रुपए थी, वहीं अब यह चार गुना से भी अधिक बढ़कर 1.36 करोड़ हो गई है। इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह उनके बैंक खातों में जमा धनराशि है।
हलफनामे के अनुसार, 2020 में विधायक के बैंक खातों में कुल 9.77 लाख जमा थे। पांच साल बाद यह राशि बढ़कर 92.56 लाख हो गई है। यानी केवल बैंक बैलेंस में ही 82 लाख से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जो लगभग 10 गुना की जबरदस्त छलांग है। यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है कि विधायक रहते हुए उनकी आय के स्रोतों में काफी इजाफा हुआ है।
5 साल में बढ़ी विधायक की संपत्ति।
अचल संपत्ति का कुल बाजार मूल्य 37 लाख
जहां विधायक की चल संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है, वहीं पारिवारिक अचल संपत्ति का घोषित बाजार मूल्य घट गया है। 2020 के हलफनामे में पारिवारिक अचल संपत्ति का कुल बाजार मूल्य 72 लाख दिखाया गया था, जो इस बार घटकर महज 37 लाख रह गया है।
यह संपत्ति उनके पिता सत्यदेव नारायण आर्य के नाम पर एक हिंदू अविभक्त कुटुंब (एचयूएफ) के रूप में दर्ज है। इसमें राजगीर में एक व्यावसायिक और एक आवासीय होल्डिंग शामिल है। अचल संपत्ति के मूल्य में यह कमी तकनीकी हो सकती है या फिर संपत्ति के पुनर्मूल्यांकन का नतीजा, लेकिन आम तौर पर राजगीर जैसे पर्यटन और धार्मिक महत्व के क्षेत्र में जमीन की कीमतें बढ़ती हैं, घटती नहीं।
कौशल किशोर के व्यक्तिगत नाम पर हसनपुर में 8 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसे उन्होंने 2012 में 7.26 लाख में खरीदा था। आज इसका बाजार मूल्य 20 लाख आंका गया है। इस भूमि पर उन्होंने 50,000 रुपए का विकास कार्य भी करवाया है।
सोना, नकदी और वाहनों का बढ़ता जखीरा
हलफनामे में घोषित सोने और नकदी की मात्रा भी ध्यान खींचती है। विधायक के पास 50 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 5 लाख आंकी गई है। उनकी पत्नी रेणु कुमारी के पास 200 ग्राम सोना है, जिसका मूल्य 20 लाख है। इसके अलावा कौशल किशोर ने अपने पास 1.75 लाख रुपए नकद और पत्नी के पास 9 लाख नकद होने की घोषणा की है।
2020 की तुलना में नकदी की यह मात्रा काफी अधिक है। वाहनों के मामले में भी विधायक के काफिले का विस्तार हुआ है, हालांकि हलफनामे में इसका विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं है।
साफ-सुथरी छवि का दावा
कौशल किशोर पेशे से वकील और समाजसेवी हैं। उन्होंने पटना लॉ कॉलेज से एल.एल.बी. की डिग्री हासिल की है। 2020 में वे पहली बार राजगीर सीट से विधायक चुने गए थे। अपने हलफनामे में उन्होंने यह घोषणा की है कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जो आज के दौर में एक सकारात्मक पहलू माना जाता है।
