सुबह से लापता डुग्गू कुमार का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पास खड़ी कार के पास मिला। (फाइल)
हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र के जलौंध गांव में बुधवार देर शाम एक चार वर्षीय बच्चे का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया। सुबह से लापता डुग्गू कुमार का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पास खड़ी कार के पास मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया
.
परिजनों के अनुसार, डुग्गू सुबह घर से खेलने निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव अखिलेश कुमार के घर के पास खड़ी कार के पास मिला। परिजन तुरंत बच्चे को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर के पास खड़ी कार के पास मिला शव।
वाहन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा
परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चे की हत्या कर शव छिपाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही ईचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध अखिलेश कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से वाहन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी राजदीप कुमार ने बताया कि यह मामला संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
