राजगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कंट्रोल रूम में हुई, जिसमें सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
.
बैठक के दौरान जिले में घटित गंभीर अपराधों, आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति, चार्जशीट दाखिल करने की प्रगति, लंबित वारंट, जब्त मशरूका, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी तोलानी ने थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों की विवेचना शीघ्र पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने वारंटियों और उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त, नशा, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा, नाबालिगों की गुमशुदगी और साइबर अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
थाना स्तर पर जनसुनवाई और बीट स्तर पर पुलिस-जन संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
एसपी अमित तोलानी ने कहा कि अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में भरोसे और सुरक्षा का माहौल बनाना भी है।
