मुख्यमंत्री के आने से पहले चकमाया जा रहा आरटीओ दफ्तर।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रीजनल ट्रांसपोर्ट दफ्तरों में पब्लिक की एंट्री कल से बंद करने जा रहे हैं। पब्लिक को आरटीओ की सभी सेवाओं के लिए अब सेवा केंद्र में जाना होगा। ऐसे में आरटीओ दफ्तर में अब लोगों का आना जाना बंद हो जाएगा।
.
आरटीआई एक्टिविस्ट अजय शर्मा ने सवाल किया कि जब आरटीओ दफ्तर में पब्लिक ने आना ही नहीं तो सीएम के दौरे से पहले दफ्तर को चमकाने में पैसे खर्च क्यों किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सीएम को फीलगुड करवाने के लिए आरटीओ दफ्तर को दो दिन में चमका दिया। क्लर्कों को कमरों से हटाकर काउंटरों पर बैठा दिया ताकि सीएम को बताया जा सके कि यहां पर ऐसा काम होता था।
आरटीओ दफ्तर में अलमारियां चेक करते हुए सीएम सिक्योरिटी का बम स्क्वायड दस्ता।
चालान काउंटर वाले हॉल को चमकाया
आरटीओ दफ्तर की सेवाओं को सेवा केंद्रों में शिफ्ट करने का काम मुख्यमंत्री भगवंत मान आरटीओ के चालान काउंटर हॉल से करेंगे। प्रशासन ने इस हॉल में दो दिन में ही पेंट कर दिया और इस हॉल के पंखे, ट्यूबलाइट्स व स्विच बोर्ड तक बदल दिए। यही नहीं आरटीओ दफ्तर की गैलरी में भी नई ट्यूबलाइट्स लगा दी हैं।
सीएम सिक्योरिटी ने बदला प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल
जिला प्रशासन ने स्टाफ पार्किंग में टैंट लगाकर सीएम की प्रेस कॉन्फ्रेंस करवानी थी। इसके लिए बाकायदा वहां टेंट भी लगा दिया था। मंगलवार सुबह सीएम सिक्योरिटी पहुंची और उन्होंने सुरक्षा का जायजा लिया। उसके बाद सीएम सिक्योरिटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल को बदल कर आरटीओ दफ्तर के सामने कर दिया।

लुधियाना पुलिस के डीसीपी रुपिंदर व डीसीपी स्नेहदीप शर्मा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हु।
सीएम सिक्योरिटी ने खंगाला आरटीओ दफ्तर का चप्पा चप्पा
सीएम सिक्योरिटी का बंब स्क्वायड दस्ता भी लुधियाना पहुंचा ओर उन्होंने आरटीओ दफ्तर के चप्पे चप्पे को खंगाला। आरटीओ दफ्तर के अंदर पड़े हर सामान की जांच की। कुछ दराजों पर ताले लगे थे तो सीएम सिक्योरिटी ने कर्मचारियों से वो भी खुलवाए।
आरटीओ से मांगी कर्मचारियों की सूची
सीएम सिक्योरिटी ने आरटीओ से उन सभी कर्मचारियों की सूची मांगी है जो कि कार्यक्रम के दौरान काउंटरों पर उपस्थित रहेंगे। सीएम सिक्योरिटी एक एक कर्मचारी की वेरिफिकेशन करवाएगा ताकि कार्यक्रम के दौरान उनके अलावा कोई और वहां उपस्थित न हो।
पुलिस ने किए सिक्योरिटी के इंतजाम
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रुपिंदर सिंह और डीसीपी हेडक्वार्टर स्नेहदीप शर्मा ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा इंतजाम करवाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में फालतू लोगों को एंट्री नहीं दी जाएगी।
