आशीष | बागपत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बागपत के एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने देर रात खेकड़ा कोतवाली और थाना चांदीनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बॉर्डर चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, एडिशनल एसपी ने पुलिसकर्मियों से बातचीत की और लंबित विवेचनाओं का तुरंत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने बॉर्डर चौकियों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने और पैदल गश्त के माध्यम से अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


प्रवीण सिंह चौहान ने यह भी निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे निरंतर चालू रहें और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। एडिशनल एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष जोर दिया और कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पुलिस और जनता के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने पर भी बल दिया गया।
