नारनौल में चोरों द्वारा बिखेरा गया सामान। फाइल फोटाे।
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में हुडा सेक्टर पार्ट-1 स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। मामले की शिकायत घर के मालिक ने पुलिस को दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है
.
मकान नंबर 62, हुडा सेक्टर पार्ट-1 निवासी सूबे सिंह ने महावीर चौक पुलिस चौकी में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार बीते कल परिवार के सदस्य गांव में एक कार्यक्रम में गए हुए थे। सुबह लगभग 10:30 बजे वह तथा लड़का घर का ताला लगाकर अपनी दुकान पर चले गए थे। शाम करीब 6:30 बजे जब परिवार के सदस्य लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था।
महावीर चौक पुलिस चौकी, नारनौल
यह सामान मिला गायब
सूबे सिंह ने घर की तलाशी ली तो पता चला कि अलमारी का लॉक तोड़कर 40 हजार रुपए नकद, एक जोड़ी कानों के टॉप्स, चार जोड़ी पाजेब और 105 अमेरिकी डॉलर चोरी कर लिए गए हैं। पड़ोसी के घर की सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो अज्ञात युवक दोपहर करीब डेढ़ बजे घर में घुसते दिखाई दिए।
शिकायत पर मामला दर्ज
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एएसआई प्रीतम सिंह महावीर चौकी नारनौल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
