सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भदोही पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 102 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 16 लाख 82 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आज पुलिस लाइन सभागार में इन मोबाइलों को उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस कार्यालय और विभिन्न थानों में लगातार खोए हुए मोबाइल फोन के संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक विशेष टीम गठित कर उन्हें मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया था।
पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद कुल 102 मोबाइल फोन बरामद किए। आज दोपहर करीब 3:00 बजे, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्वयं इन बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर मोबाइल मालिकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
बरामद किए गए मोबाइलों में ज्ञानपुर थाना क्षेत्र से 20, गोपीगंज से 22, कोईरौना से 2, भदोही से 12, चौरी से 5, औराई से 11, ऊंज से 4, सुरियावां से 23 और दुर्गागंज थाना क्षेत्र से 3 मोबाइल शामिल थे।
