भागलपुर में अपराधियों ने किसान की गला रेतकर हत्या कर दी। धारदार हथियार से गला रेत दिया। मृतक की पहचान नक्कू मंडल(55) के तौर पर हुई है। घटना इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मेघल गांव की है।
.
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार शाम खेत में खाद छिड़काव करने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटे। घात लगाकर बैठे अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। खोजबीन के दौरान रविवार सुबह खेत में लहूलुहान शव मिला। ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया
मृतक के गले और पेट पर चाकू से किए गए हमले के गहरे निशान मिले हैं। अपराधियों ने उनकी बेरहमी से हत्या की है। सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी जुटाए हैं। जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है।
परिजनों का कहना है कि नक्कू मंडल की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। इसलिए हत्या के कारणों को लेकर वे अनजान हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
