अपने कार्यालय में बयान देते कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला
कैथल में कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में विधायक को नहीं बुलाने के मुद्दे पर प्रशासन और भाजपा को घेरा। विधायक ने कहा कि अनेक बार उन्होंने इस बारे में जिला प्रशासन से बातचीत की है।
.
पहली बात तो उन्हें बैठक के लिए निमंत्रण नहीं मिलता, अगर आता है तो भाजपा सरकार, कांग्रेस विधायकों और सांसदों को भाव नहीं देती। कांग्रेस समर्थित फरियादियों को कांग्रेसी कहकर बोलने तक का मौका नहीं दिया जाता। उनको कक्षा के एक शैतान बच्चे की तरह एक कोने में बैठा दिया जाता है।
बोले- गांवों व शहर में साथियों के बीच जाकर समस्या जानना ग्रीवेंस मीटिंग से बेहतर
एक बयान में आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा में चुनाव नहीं लड़ने वाले लोगों को तो ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में आगे बैठाया जाता है, जबकि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को पीछे बैठाया जाता है। विधायक की कुर्सी तो मीटिंग में लगती है, लेकिन बात नहीं सुनीं जाती। इससे बेहतर है कि वे गांव या शहर में अपने साथियों के बीच जाकर उनकी समस्या सुनें।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है।
इलेक्शन कमीशन की पावर अब एमएलए से भी कम : आदित्य
बिहार में चुनाव के दौरान कांग्रेस के स्टार प्रचारक रणदीप सुरजेवाला रहे। इसके बावजूद कांग्रेस की हार पर बोलते हुए विधायक आदित्य ने कहा कि 80 से 90 सीटों पर हार कम से कम वोटों से रही। फर्जी वोट बनाकर भाजपा चुनाव जीती। पहले इलेक्शन कमीशन सीएम से ऊपर होता था, लेकिन आज एमएलए से भी कम पावर हो गई है।
आज इलेक्शन कमीशन को जो भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बोल देते हैं, उसे उन्हीं के कहे अनुसार चलना पड़ता है। इसलिए उन्होंने वोट चोरी के खिलाफ अभियान शुरू किया। भाजपा के कार्यकर्ता साल में चार-चार बार विभिन्न स्थानों से वोट डालकर अपनी फोटो सोशल मीडिया पर डालते हैं। अगर वोट चोरी न होती तो हरियाणा में कांग्रेस के 70 से ज्यादा विधायक बन जाते।
इनेलो व जजपा को बताया भाजपा की बी और सी टीम
इनेलो और जजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ये दोनों तो भाजपा की ही टीमें हैं। इनेलो बी और जजपा सी टीम है। इनेलो को भाजपा से फंडिंग मिल रही है। अभय चौटाला की सीधी डील अमित शाह के साथ है। इसमें कांग्रेस के वोटरों और कार्यकर्ताओं को बांटने का काम किया जाता है। इसके अलावा दोनों टीमों को कोई काम नहीं है।
