मौके पर मौजूद MLA, एक्सीडेंट में घायल हुई महिला और पुलिस।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के MLA डॉ. चरणजीत सिंह की कार सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इससे उस गाड़ी में सवार महिला घायल हो गई। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
.
चन्नी जिस प्राइवेट कार में बैठे थे, उसके आगे GOVT OF PUNJAB (पंजाब सरकार) की प्लेट रखी हुई थी। हादसे के बाद घायल महिला का परिवार भड़क उठा।
उन्होंने विधायक को कहा कि इनका चेहरा देखो, इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा। कह रहे हैं कि अस्पताल ले जाओ। जिस परिवार का एक्सीडेंट हुआ, वह चंडीगढ़ के मनीमाजरा से आए हुए थे।
हंगामा होते देख MLA चरणजीत सिंह वहां से बैरंग निकल गए। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
एक्सीडेंट के बाद महिला से बातचीत करते MLA और पुलिसकर्मी।
कैसे हुआ हादसा, 2 पॉइंट में जानिए..
- MLA की आई-20 कार से हादसा: यह एक्सीडेंट नहर पुल के पास चौक पर हुआ। विधायक की कार की टक्कर एक अन्य आई-10 कार से आमने-सामने हो गई। एक्सीडेंट के समय विधायक डॉ. चरणजीत सिंह अपनी कार में मौजूद थे, जिसे उनका ड्राइवर चला रहा था। टक्कर में दूसरी कार में सवार महिला को चोटें आईं, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
- विधायक की कार तेज थी: एक्सीडेंट के बाद घायल महिला के परिजनों ने मौके पर विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों से बहस की। परिजनों ने आरोप लगाया कि विधायक की गाड़ी ओवरस्पीड थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। कुछ देर बाद डॉ. चरणजीत सिंह घटनास्थल से चले गए।

एक्सीडेंट में घायल हुई महिला की बेटी ने कहा- इतनी रैश ड्राइविंग कैसे कर सकता है कोई।
महिला बोली- इनका चेहरा देखो, कोई फर्क नहीं पड़ रहा चंडीगढ़ से आई महिला की परिजन ने कहा- यह रनिंग रोड है, ठीक है। यहां पर इतना ट्रैफिक होता है। ऐसे में यह इतनी रैश ड्राइविंग कैसे कर सकता है? बोल रहे हैं कि कोई एमएलए है। गाड़ी में मेरी मम्मी थी। हम तो दूसरी गाड़ी में आए थे। हमारा घर मनीमाजरा में है । इनका चेहरा देखो, इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। कह रहा है अस्पताल ले जाओ। अगर इनको कुछ हो जाता तो?”
एक्सीडेंट की जांच में जुटी पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसा नहर पुल के पास चौक में हुआ। हालांकि पुलिस वाले इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

विधायक डा. चरणजीत सिंह के खरड़ में दिए बयान पर विवाद हो गया।
मोहाली में कहा था- 10वीं पास मुझसे सवाल ना पूछे मोहाली में AAP विधायक डॉ. चरणजीत सिंह उस समय विवादों में घिर गए जब उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से कहा कि वे पढ़े-लिखे डॉक्टर हैं और कोई 10वीं पास व्यक्ति” उनसे सवाल न पूछे। यह सुनते ही प्रदर्शनकारियों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और पूछा कि क्या 10वीं पास लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया। भीड़ में बैठे लोगों ने कहा कि विधायक को जनता ने चुना है, “रब” नहीं बनाया।
35 गांवों को रूपनगर में शामिल करने की अफवाह पर बहस डॉ. चरणजीत खरड़ बार एसोसिएशन के धरने में पहुंचे थे, जहां 35 गांवों को रूपनगर जिले में शामिल करने के विरोध में प्रदर्शन चल रहा था। विधायक ने इस योजना से इनकार किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने लिखित प्रमाण मांगे। माहौल गरम होने पर वकीलों ने भीड़ को शांत किया, जबकि लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय तो नेता अनपढ़ से भी वोट लेते हैं और अब पढ़ाई पर सवाल उठा रहे हैं।
