‘मेरे पति नौकरी के लिए रूस गए थे। वहां उन्हें धोखे से जंग में भेज दिया। 15 अक्टूबर को उनसे आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि अगर तीन दिन तक कॉल न आए, तो समझ लेना कि मैं नहीं हूं। अब उनसे कोई कॉन्टैक्ट नहीं है। रूस के राष्ट्रपति भारत आ रहे हैं।
.
जयपुर की रहने वाली दिव्या अपने पति को बचाने के लिए ये गुहार लगा रही हैं। उनके पति मनोज सिंह शेखावत जून, 2025 में रूस गए थे। वहां उन्हें जबरन रूसी सेना के साथ यूक्रेन के बॉर्डर पर भेज दिया गया।
रूस-यूक्रेन के बीच करीब 4 साल से जंग चल रही है। रूसी सेना में कितने भारतीय हैं, इसके अलग-अलग नंबर हैं। विदेश मंत्रालय ने 7 नवंबर को बताया था कि 44 भारतीय रूसी सेना में हैं। वहीं, सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में ये संख्या 61 बताई है।
4 दिसंबर को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के लिए भारत आ रहे हैं। इसकी खबर लगते ही रूस में फंसे लोगों के परिवार दिल्ली आ गए। एक और तीन दिसंबर को प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को लेटर भी लिखा है, ताकि पुतिन की यात्रा के दौरान इस मुद्दे को उठाया जा सके।
रूस में फंसे भारतीयों के परिवार दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट कर रहे हैं। इनकी मांग है कि उनके बेटों को भारत वापस लाया जाए।
दैनिक भास्कर ने 3 पीड़ित परिवारों से बात की और समझा कि किस तरह उनके रिश्तेदार रूस पहुंचे और वहां जंग में धकेल दिए गए।
पहली कहानी: मनोज सिंह शेखावत

मनोज सिंह शेखावत रूस जाने से पहले दिल्ली में टूर एंड ट्रैवल्स के काम से जुड़े थे। जयपुर के एक एजेंट शंकर सिंह ने उन्हें रूस में काम दिलवाने का वादा किया था। उसने मनोज से 4 लाख रुपए लिए थे।
1 दिसंबर को मनोज की पत्नी दिव्या भी दिल्ली में प्रदर्शन के लिए आई थीं। वे बताती हैं कि एजेंट ने मनोज को 80-90 हजार रुपए महीने सैलरी दिलाने का वादा किया था। इसके बाद वे ई-वीजा के जरिए रूस चले गए। पहले 15 दिन एक फैक्ट्री में काम किया। बदले में उन्हें पैसे नहीं दिए गए। अगले 15 दिन दूसरी फैक्ट्री में लगाया गया। वहां भी सैलरी नहीं मिली।

वॉर जोन में जाने से पहले मनोज ने दिव्या से वीडियो कॉल पर बात की थी। इसके बाद से उनका पता नहीं चल रहा है। रूसी सेना ने भी कोई जानकारी नहीं दी है।
दिव्या कहती हैं, ‘मनोज तीन महीने तक अलग-अलग जगह पर काम करते रहे। उन्हें कहीं पैसे नहीं मिले। ई-वीजा भी सिर्फ 20 दिन के लिए था। इसलिए मनोज वहीं फंस गए।’
‘सितंबर में एजेंट के एक साथी जीतू बोचालिया ने मनोज से रूसी सेना का एग्रीमेंट साइन करवा लिया। ये एग्रीमेंट रूसी भाषा में था। उन्हें पता नहीं चला कि उसमें क्या लिखा है। उन्हें बोला गया कि हेल्पर या बंकर खुदवाने का काम दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था।’
दिव्या आगे बताती हैं, ‘जिस दिन से उन्होंने एग्रीमेंट साइन किया, बातचीत बंद हो गई। 15-20 दिन बाद बात हुई, तो पता चला कि उन्हें मॉस्को से 1600 किमी दूर कहीं भेज दिया गया था। 15 दिन बाद फिर बात हुई तो मनोज ने बताया कि बहुत बड़ा धोखा हो गया है।’

ये मनोज की पत्नी दिव्या हैं। जयपुर से दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने आई थीं। उन्होंने मनोज को वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय को मेल किया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
दिव्या कहती हैं, ‘मैंने उनसे कहा कि वहां से भाग जाओ। मनोज ने बताया कि रूस के सैनिक सिर पर राइफल तानकर रखते हैं। कहते हैं कि यहीं मारकर दफना देंगे। रूसी सेना किसी को निकलने नहीं देती है। आगे नहीं जाने की बात करने पर मारपीट करते हैं। उनके एक साथी ने आगे जाने के डर से खुद के पैर पर गोली मार ली थी। वो अभी वहीं हॉस्पिटल में है। मनोज के बारे में कुछ पता नहीं है।’
‘15 अक्टूबर को मेरी उनसे आखिरी बार बात हुई थी। हमने भारतीय दूतावास से संपर्क किया। दो बार प्रदर्शन किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मनोज को अंदाजा नहीं था कि सिर्फ 15 दिन की ट्रेनिंग देकर उन्हें सीधे वॉर जोन में भेज दिया जाएगा।’
‘मैंने उनसे लोकेशन मंगवाई थी। वे यूक्रेन बॉर्डर पर थे। उन्हें 20 किलोमीटर और दूर जाना था। वहां से रूस यूक्रेन पर अटैक करता है। उन्होंने एक ऑडियो मैसेज भेजा था, उसमें गोलियों की आवाज आ रही थी।’

मनोज ने अपने परिवार को कई वीडियो भेजे हैं। इनमें वे हरियाणा के एक शख्स के साथ हैं और कह रहे हैं कि उन्हें एजेंट ने बुरा फंसा दिया है।
मनोज के परिवार ने 18 नवंबर को जयपुर के करधनी थाने में एजेंट्स के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। शिकायत में कहा गया है कि एजेंटों ने गिरोह बना रखा है, जो पैसे लेकर राजस्थान और दूसरे राज्यों के लोगों को विदेश भेजते हैं। परिवार का आरोप है कि शिकायत करने पर एक एजेंट की तरफ से कॉल करके जान से मारने की धमकी दी गई।
दूसरी कहानी: सुरेंद्र दहिया

मनोज की तरह ही कहानी सुरेंद्र दहिया की भी है। उनके साथ पत्नी के भाई महावीर प्रसाद भी रूस गए थे। दोनों से तीन महीने से बात नहीं हो पाई है। सुरेंद्र खेती करते थे। परिवार के मुताबिक, एक अप्रैल को एजेंट को 3.5 लाख रुपए देकर रूस गए थे।
उनसे कहा गया था कि कंस्ट्रक्शन का काम मिलेगा। उन्होंने वहां तीन-चार महीने काम किया। फिर प्रदीप नाम के एक एजेंट ने सुरेंद्र को सेना में भर्ती करा दिया। बताया कि उसे गड्ढे खोदने और बंकर बनाने जैसे छोटे-मोटे काम मिल जाएंगे।
सुरेंद्र के ममेरे भाई सुनील दिल्ली में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। वे बताते हैं, ‘सुरेंद्र से रूसी भाषा में कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाया गया था। वे उसे पढ़ नहीं पाए। वहां सारे भारतीय एजेंट ही फंसा रहे हैं। अगस्त में सुरेंद्र और महावीर को सेना में भर्ती कराया गया था।
शुरुआत में उन्हें सेंट्रल रूस के इवानोवो शहर ले गए। बाद में दक्षिण की तरफ यूक्रेन बॉर्डर के करीब रोस्तोव भेजा गया। आखिरी बार उनसे 7 सितंबर को बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि हमें फ्रंटलाइन पर भेज रहे हैं। अगर 2-3 दिन तक कॉन्टैक्ट न हो, तो हमें वापस लाने की कोशिश करना।’

सुरेंद्र ने परिवार को बताया था कि फ्रंटलाइन पर जाने से पहले सारे भारतीयों को अलग-अलग टुकड़ियों में बांट दिया गया। उन्होंने इसकी फोटो भी भेजी थी।
सुनील कहते हैं कि पिछले तीन महीने से हम लगातार रूस में भारतीय दूतावास से संपर्क कर रहे हैं। एक ही तरह का जवाब आता है कि हम रूसी अधिकारियों के संपर्क में हैं, जल्द अपडेट देंगे। सारे लोगों को ऐसे ही मैसेज आ रहे हैं। अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।’
सुनील बताते हैं, ‘हम लोग ईमेल कर-करके थक गए हैं। अभी संसद का सत्र शुरू हुआ है। 4 तारीख को रूस के राष्ट्रपति भारत आ रहे हैं। हमने यही सोचा था कि अगर हम प्रदर्शन करेंगे तो हमारी बात मीडिया में जाएगी। धरने के बाद हम पीएमओ, विदेश मंत्रालय, राष्ट्रपति कार्यालय और गृह मंत्रालय में ज्ञापन देकर आए हैं। हमारे बच्चे वापस आ जाएं, इससे ज्यादा हमारी कोई मांग नहीं है।’
तीसरी कहानी: संदीप कुमार

संदीप कुमार सितंबर, 2024 में स्टडी वीजा पर रूस गए थे। एक एजेंट ने 6 लाख रुपए लेकर उन्हें मॉस्को के एक रेस्टोरेंट में काम करने भेजा था। कुछ महीने काम करने के बाद बीमार हो गए और भारत आ गए। तीन महीने यहां रहे, फिर जुलाई में वापस रूस चले गए। एक महीने बाद संदीप को रूस में अंबाला का एक एजेंट मिला। उसी ने संदीप को आर्मी में भर्ती करवा दिया। उन्हें बताया गया कि कुक का काम करना है और अच्छी सैलरी मिलेगी।
संदीप के मामा श्री भगवान बताते हैं, ‘संदीप की मां ने उसे रूस भेजने के लिए गहने तक बेच दिए थे। कुछ पैसे कर्ज भी लिए। एग्रीमेंट साइन करवाने के बाद एजेंट ने संदीप के अकाउंट में 10 लाख रुपए भेज दिए, लेकिन ये पैसे वो कभी घर नहीं भेज पाया।’
‘उसे बताया गया था कि तीन महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी, लेकिन सिर्फ 10-12 दिन की ट्रेनिंग के बाद उसे रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के इलाकों में भेज दिया गया।’
25 सितंबर को किसी रूसी कमांडर ने उसे फोन दिया था। तब संदीप ने बात की थी। 5 दिन लगातार बात होती रही। वो बता रहा था कि यहां जान का खतरा है। गश्त और वॉर फ्रंट पर सामान पहुंचाने जैसे काम दिए जा रहे हैं।

संदीप ने एक अक्टूबर को रूस से एक वीडियो भेजा था। इसमें वो कह रहे हैं, ‘प्लीज मुझे यहां से निकलवाओ। मुझे फंसाया गया है। हमें आगे भेजने के लिए बोल रहे हैं। ढाई किलोमीटर दूर रूसी सेना ने यूक्रेन के एक शहर पर कब्जा किया हुआ है, उधर ही मुझे भेजेंगे। वहां बहुत ज्यादा खतरा है। यहां अभी एक बंकर में रखा हुआ है। मेरी मदद करें।’

संदीप ने रूस से भेजे वीडियो में भाई से कहा था कि मैं जिस जगह हूं, वहां लाशें पड़ी हैं। मुझे यहां से निकालने की कोशिश करना।
भगवान कहते हैं कि 1 अक्टूबर को संदीप की परिवार के साथ आखिरी बार बात हुई थी। दो महीने से कोई संपर्क नहीं है। क्या पता वो जिंदा भी है या नहीं। संदीप ने अपने भाई को बताया था कि घरवालों को संभाल लेना। मेरा पता नहीं, वापस आऊंगा या नहीं। मेरा वॉट्सएप ब्लॉक कर दिया जाएगा। मोबाइल लेकर फ्रंटलाइन पर भेजा जाएगा।’
भगवान कहते हैं कि सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि संदीप फंस गया है। उसके बाद से परिवार ने लगातार अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन रिस्पॉन्स नहीं मिला है। सरकार डेड बॉडी वहां से ला सकती है, तो जिंदा लोगों को क्यों नहीं ला सकती है।
सांसद ने लोकसभा में बताया- 61 भारतीय फंसे हैं 1 दिसंबर को पीड़ित परिवारों ने राजस्थान के नागौर से लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल से मदद मांगी थी। 3 दिसंबर को बेनीवाल ने लोकसभा में रूस में फंसे भारतीयों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध में फ्रंटलाइन पर 61 भारतीय फंसे हैं। काम का झांसा देकर इस तरीके से युद्ध में भेजा जाना गंभीर चिंता का विषय है। रूसी सरकार से बात करके उनकी वापसी सुनिश्चित कराई जाए।
इससे पहले 24 जुलाई को विदेश मंत्रालय ने राज्यसभा में बताया था कि रूसी सेना में 127 भारतीय नागरिक थे। भारत और रूस सरकार से बातचीत के बाद इनमें से 98 लोगों को निकाला गया। रूसी सेना में गए 12 लोग लापता हैं।

7 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रूसी सेना में शामिल 44 भारतीयों की पहचान की गई है। उसी दौरान मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार रूसी अधिकारियों और पीड़ित परिवारों के संपर्क में है।
जायसवाल ने कहा था, ‘हमें जानकारी मिली है कि कई भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया है। हमने रूसी अधिकारियों के सामने ये मुद्दा उठाया है। हमने जल्द इन भारतीयों को छोड़ने और इस प्रैक्टिस को खत्म करने की मांग की है। भारत सरकार पीड़ित परिवारों को लगातार अपडेट दे रही है। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मॉस्को से लगातार बातचीत कर रही है।’
हमने पीड़ित परिवारों के मुद्दों पर विदेश मंत्रालय और मॉस्को में भारतीय दूतावास को ई-मेल किया है। जवाब मिलने पर हम रिपोर्ट अपडेट करेंगे।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रूस में फंसे भारतीयों के लिए पोस्टर लगे हैं। ये पोस्टर पीड़ित परिवारों ने लगाए हैं।
रूस-यूक्रेन जंग में अभी क्या चल रहा आने वाली फरवरी में रूस-यूक्रेन जंग को 4 साल पूरे हो जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जंग रोकने के लिए 28 पॉइंट का प्लान तैयार किया है। इसके मुताबिक यूक्रेन को अपना लगभग 20% हिस्सा रूस को देना होगा। इसमें पूर्वी यूक्रेन का डोनबास का इलाका शामिल है।

इसके अलावा यूक्रेन सिर्फ 6 लाख जवानों वाली सेना रख सकेगा। NATO में यूक्रेन की एंट्री नहीं होगी। नाटो सेनाएं यूक्रेन में नहीं रहेंगी। रूस के शांति प्रस्ताव मानते ही उस पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे। साथ ही यूरोप में जब्त की गई लगभग 2000 करोड़ रुपए की संपत्ति डीफ्रीज होगी।
इस जंग में यूरोपीय देश यूक्रेन के साथ हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2 दिसंबर को यूरोपीय देशों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि रूस यूरोप से युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर यूरोप युद्ध शुरू करता है तो मामला इतना जल्दी खत्म नहीं होगा। बातचीत करने वाला कोई नहीं बचेगा।
