रामगढ़ जिले के भुरकुंडा रेलवे साइडिंग में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
.
एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि रामगढ़ एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, पतरातु (भदानीनगर) फायरिंग कांड और आर्म्स एक्ट का अप्राथमिकी अभियुक्त अजय कुमार यादव उर्फ छोटू लंगड़ा, जो कैलाश यादव का पुत्र है और पतरातू के ब्लॉक मोड़ का निवासी है, अपने घर के पास एक शादी में शामिल होने आया था। वह अपने घर के आसपास घूम रहा था।
इस सूचना के आधार पर, रामगढ़ पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। इस टीम में पतरातू इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा शामिल थे।
छापामारी टीम ने पतरातू ब्लॉक मोड़ के आसपास घेराबंदी की और विधिवत छापेमारी की। पुलिस बल को आता देख अजय कुमार यादव भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और थाने ले आई।
पूछताछ के दौरान, अजय कुमार यादव उर्फ छोटू लंगड़ा ने स्वीकार किया कि 02 सितंबर 2025 की शाम को वह अपने सहयोगियों के साथ मोटरसाइकिल से भदानीनगर ओपी क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे साइडिंग भदानीनगर (भुरकुंडा) गेट के सामने आया था और फायरिंग की थी। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और गोली बरामद की गई।
इसके बाद, अजय कुमार यादव उर्फ छोटू उर्फ लंगड़ा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
