बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के डीवीसी पॉन्ड परिसर में मंगलवार सुबह एक हाइवा की चपेट में आने से भाकपा नेता और पूर्व पंचायत प्रतिनिधि मनीरूद्दीन अंसारी की मृत्यु हो गई। वे बाजार टांड़ नूरीनगर के निवासी थे।
.
जानकारी के अनुसार, मनीरूद्दीन अंसारी रोज की तरह एस पॉन्ड से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान कांटाघर के पास से गुजर रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मनीरूद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो के बीजीएच रेफर किया गया। हालांकि, बोकारो ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
प्रदर्शन करते हुए कई हाइवा वाहनों के शीशे तोड़ दिए
उनकी मृत्यु की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में लोग एस पॉन्ड के पास जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कई हाइवा वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल पुलिस सक्रिय हो गई। गांधी नगर, कथार और पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र के प्रभारी पुलिस अधिकारियों सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार हाइवा पर नियंत्रण लगाने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
