जमशेदपुर पुलिस ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र से अपराध की योजना बनाते तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध हथियार और धारदार चापड़ बरामद किए गए हैं।
.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 15 दिसंबर की शाम बागबेड़ा थाना को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, संजय नगर नाला के पास कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान मोहम्मद वाजिद, मोहम्मद राज और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक लोहे का धारदार चापड़ बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल, पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
