पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव में एक माह पूर्व हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता नीरज कुमार और उसके साथी ओमप्रकाश सिंह उर्फ दीपू (22) को गिरफ्तार किया है। दंपती को बंधक बनाकर इस व
.
यह वारदात 20 नवंबर की रात मुगलजान टोला स्थित मृत्युंजय कुमार के घर में हुई थी। हथियारबंद अपराधी घर में घुस गए थे और उन्होंने दंपती के साथ मारपीट की थी। अपराधियों ने घर से नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन लूट लिए थे।
एक विशेष जांच दल का गठन किया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) रीष्मा रमेशन ने हुसैनाबाद एसडीपीओ मो एस याकूब के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। जांच में सामने आया कि लूट की यह योजना पीड़ित मृत्युंजय कुमार के भतीजे नीरज (19) ने बनाई थी।
‘नशेड़ी’ कहकर अपमानित करती थीं
पुलिस के अनुसार, नीरज नशे का आदी था। उसकी पारा शिक्षक चाची उसे अक्सर लोगों के सामने ‘नशेड़ी’ कहकर अपमानित करती थीं। इसी अपमान का बदला लेने के लिए नीरज ने यह साजिश रची। उसने अपने दोस्त दीपू को इस योजना में शामिल किया, जिसने उसे बिहार के औरंगाबाद जिले के एनटीपीसी थाना क्षेत्र के घुजा गांव निवासी अपराधी विक्की कुमार से मिलवाया।
नीरज ने विक्की को बताया था कि उसके चाचा के घर बेटी की शादी होने वाली है, जिसके चलते वहां बड़ी मात्रा में नगदी और जेवर मौजूद होंगे। बिहार और छत्तीसगढ़ में कई आपराधिक वारदातों में शामिल विक्की ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया।
एक देशी कट्टा व गोली बरामद
एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि विक्की को बिहार पुलिस ने 2 दिसंबर को एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसे रिमांड पर लेकर इस मामले के अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन और दीपू के पास से एक देशी कट्टा व गोली बरामद की है।
