मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रजखड़ घाटी में पलटे ट्रक से करीब 65 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब बरामदगी के मामले में वांछित मुख्य आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ हनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 5 दिसंबर को दुद्धी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि हाथीनाला–दुद्धी मार्ग स्थित रजखड़ घाटी में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें अंग्रेजी शराब की 326 पेटियां और प्लास्टिक की 169 बोरियों में कुल 15,669 बोतलें बरामद की गईं। इनमें मैकडॉवेल्स नंबर-1 और रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब शामिल थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 5960.265 लीटर आंकी गई, जबकि ट्रक समेत कुल कीमत लगभग 65 लाख रुपए बताई गई। इस मामले में दुद्धी कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इस तस्करी से जुड़ा मुख्य आरोपी दुद्धी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर दुद्धी कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित पत्ता गोदाम के सामने से आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ हनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन और 4100 रुपए नकद बरामद किए हैं।
जांच के दौरान पहले ही ट्रक चालक योगेन्द्र सिंह, ट्रक मालिक अजीत सिंह, श्रीराम एंटरप्राइजेज, कृष्णा ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट पैकर्स एंड मूवर्स तथा अवैध शराब तस्कर बलजिंदर सिंह उर्फ हनी के नाम सामने आ चुके थे। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शराब तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल था और पूरे मामले का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
