दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते गणेश गोदियाल और इनसेट में अंकिता भंडारी की फाइल फोटो।
उत्तराखंड का चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। बीते कल भाजपा नेता सुरेश राठौर की कथित पत्नी और टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर लाइव आकर इस केस में भाजपा नेता के शामिल होने का दावा किया। जिसके बाद आज कांग्रेस ने
.
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पहले सबको उर्मिला सनावर की वीडियो दिखाई। फिर उन्होंने पीएम मोदी से इस मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अगर 10 दिनों के अंदर सीबीआई जांच की संस्तुति नहीं होती है तो वो आंदोलन करेंगे।
बता दें कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर दावा किया था की, अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के नेताओं का हाथ था। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि अंकिता को मारने से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।
फेसबुक पर लाइव आकर अंकिता भंडारी हत्याकांड के बारे में बोलते हुए रोतीं उर्मिला सनावर।
पहले जानिए उर्मिला सनावर ने वीडियो में क्या कहा था
1. ऑडियो में गट्टू और घटना का जिक्र
उर्मिला ने कहा कि उनके पास एक रिकॉर्डिंग है, जिसमें हत्याकांड का पूरा जिक्र है। लोग लगातार बोलते जा रहे हैं कि गट्टू उस रात क्या कर रहा था, जब अंकिता भंडारी हत्याकांड हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुष्यंत कुमार गौतम के बारे में कोई आपत्ति नहीं क्योंकि उनकी आवाज वायरल हो रही है, लेकिन ऑडियो में उनके पति ने दुष्यंत का नाम लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आरती गौड़ ने उस रात बुलडोजर क्यों चलवा दिया था, और सबसे पहले बुलडोजर उसी कमरे में चला, जहां हत्या हुई थी।
2. सामूहिक दुष्कर्म की आशंका
उर्मिला ने पूछा कि क्या उस रात सभी लोग सामूहिक दुष्कर्म करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रिकॉर्डिंग में कुछ लोगों के नाम आए हैं, लेकिन गट्टू का नाम सीधे तौर पर नहीं आया, सिर्फ गट्टू-गट्टू करके पुकारा जा रहा था। उन्होंने कहा कि सुरेश राठौर ने रिकॉर्डिंग में कहा कि “वो गट्टू जिसे तू अपना भाई कहती है, वही उस रात जा रहा था।”
3. सोशल मीडिया और सेक्स रैकेट का संबंध
उर्मिला ने बताया कि सुबह उठकर वह गंगा स्नान कर फोटो डालता है सोशल मीडिया पर। उन्होंने आरोप लगाया कि आरती गौड़ के पास वीडियो और ऑडियो है, जिसमें दुष्यंत कुमार गौतम की आवाज भी है, और आरती गौड़ कहीं ना कहीं सेक्स रैकेट में शामिल है। उन्होंने कहा कि लड़कियां इसी रैकेट के लिए सप्लाई की जाती हैं, और फ्लैट देने वाला सुरेश राठौर इस काम में मदद कर रहा है।
4. पीड़िता और सामजिक अपराध पर चिंता
उर्मिला ने भावुक होते हुए कहा कि यह सब 19 साल की लड़की के साथ हो रहा था, जो गरीब माता-पिता की बेटी थी और रिसेप्शन में काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि पूरी उत्तराखंड की धरती पर भूचाल आ गया, उस बच्ची की आत्मा अंदर से झकझोरती होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के वृद्ध और प्रभावशाली लोग उसे ग्रुप सेक्स के लिए तैयार कर रहे थे।
5. आरोप महिलाओं और सामाजिक पदाधिकारियों पर
उर्मिला ने कहा कि इसमें महिलाएं भी शामिल थीं, जैसे जिला पंचायत सदस्य। उन्होंने जोर देकर कहा कि सब दरिंदे हैं, और यह सोचकर ही शर्म आती है कि पोती की उम्र की बच्ची के साथ ऐसा क्या हो रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे ही चीजें झेल रहे हैं तो कल्पना करो कि 19 साल की लड़की ने क्या झेला होगा, उसकी चीखें सुनकर ही दिल दहल जाता है।

दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता हत्याकांड का मुद्दा उठाते गणेश गोदियाल।
अब पढ़िए प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोदियाल ने क्या मुद्दे उठाए
- सोशल मीडिया रिकॉर्डिंग और गट्टू का जिक्र: गोदियाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है, जिसमें सुरेश राठौर कह रहे हैं कि अंकिता भंडारी की हत्या इसलिए हुई क्योंकि उस पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि उस शख्स के लिए महिला वीडियो में “गट्टू” का नाम ले रही है, और वह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के इंचार्ज हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा रखने वाली सरकार की बेटी के प्रति सोच इस मामले में कैसी दिखती है।
- सबूत मिटाने का प्रयास और बुलडोजर कार्रवाई: गोदियाल ने आरोप लगाया कि जब पता चला कि अंकिता गुम है और बाद में उसकी बॉडी मिली, तो जिस कमरे में हत्या हुई थी, उसे बुलडोजर से तोड़ दिया गया। बिस्तरों को जलाने की कोशिश की गई और जो बचे, उन्हें स्विमिंग पूल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी कोशिश इस बात का संकेत है कि सबूतों को मिटाया जा रहा था।
- रेणु बिष्ट और आरती गौड़ का नाम: गोदियाल ने बताया कि सबूत मिटाने की प्रक्रिया में रेणु बिष्ट का नाम आया, फिर आरती गौड़ का नाम सामने आया। उन्होंने कहा कि अब रेणु बिष्ट कह रही है कि मुख्यमंत्री ने ऐसा करने के लिए कहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि उस कमरे को तोड़ने की इतनी जल्दी क्यों थी और भाजपा की सरकार इस मामले में क्या कर रही है।
- सीबीआई जांच की मांग:गोदियाल ने जोर देकर कहा कि इस मामले में अपराधियों को सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए और पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि उनकी एसआईटी जांच को अंतिम जांच माना जाए और आगे की जांच रोकी जाए। उन्होंने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस इसलिए आयोजित की ताकि प्रधानमंत्री तक मामला पहुंचे और कार्रवाई हो।
- जांच और कार्रवाई के लिए स्पष्ट मांगें: गोदियाल ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि 10 दिनों के अंदर सीबीआई जांच की स्वीकृति दी जाए। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच किसी न्यायाधीश की अध्यक्षता में होनी चाहिए, जो सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश हों या रिटायर हुए न्यायाधीश। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांग नहीं मानेगी तो वह गढ़वाल मंडल में आंदोलन करेंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे।
————
हत्याकांड की पूरी कहानी जानने के लिए ये खबर पढ़ें…
अंकिता भंडारी मर्डर-भाजपा नेता के बेटे समेत 3 को उम्रकैद:उत्तराखंड में 2 साल 8 महीने बाद कोर्ट का फैसला, हत्या करके शव नहर में फेंका था

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री के बेटे पुलकित आर्य समेत 3 को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। पुलकित के अलावा उसके दो कर्मचारी सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को भी सजा सुनाई गई है। कोटद्वार जिला कोर्ट ने इस मामले में 2 साल 8 महीने के बाद फैसला दिया है। तीनों दोषियों पर 50 -50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
