चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शुक्रवार रात को एक बड़ा और खास आयोजन हुआ। यहां पारंपरिक घूमर नृत्य का भव्य प्रोग्राम रखा गया, जिसमें हजारों महिलाओं ने एक साथ भाग लिया।
.
इस आयोजन में 15 हजार से ज्यादा महिलाओं ने मिलकर घूमर किया और रिकॉर्ड बनाया। घूमर के इस आयोजन ने पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया। इस आयोजन में 5 साल की बालिकाओं से लेकर 70 साल की बुजुर्ग महिला ने भी भाग लिया।
पंद्रह हजार से ज्यादा महिलाओं ने एक साथ घूमर किया
घूमर प्रोग्राम में चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र से आई 15 हजार से ज्यादा महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिलाएं राजस्थानी घाघरा, चुनरी और पारंपरिक गहनों में सजी हुई थीं। एक साथ ताल में घूमते हुए हजारों महिलाओं का नजारा देखने लायक था। सभी ने बहुत ही अनुशासन और जोश के साथ घूमर किया। वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया के सीईओ पवन सोलंकी ने मंच से इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की घोषणा की और सांसद सीपी जोशी को प्रमाण पत्र सौंपा।
महिलाओं की घूमर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड।
रिकॉर्ड बनते ही आतिशबाजी से आसमान रोशन हुआ
जैसे ही वर्ल्ड रिकॉर्ड की घोषणा हुई, आयोजन स्थल पर महिलाओं ने तालियां बजाईं और एक-दूसरे को बधाई दी। इसके बाद आसमान में शानदार आतिशबाजी की गई, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया। लोग इस पल को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। यह दृश्य चित्तौड़गढ़ के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
सीमा मिश्रा के गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया
इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध राजस्थानी लोकगायिका सीमा मिश्रा ने घूमर के गीत गाए। उनकी मधुर आवाज सुनते ही महिलाएं और ज्यादा उत्साह से घूमर करने लगीं। गीतों की लय पर हजारों महिलाओं ने एक साथ कदम मिलाए। मंच की सजावट, रोशनी और साउंड सिस्टम भी बहुत अच्छा था। सीमा मिश्रा के गीतों ने पूरे माहौल को पूरी तरह राजस्थानी रंग में रंग दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी रहे मौजूद।
पांच साल से सत्तर साल तक की महिलाओं की भागीदारी रही
घूमर आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि इसमें हर उम्र की महिलाओं ने भाग लिया। 5 साल की छोटी बच्चियों से लेकर 70 साल की बुजुर्ग महिलाएं भी घूमर करती नजर आईं। एक दिव्यांग महिला की भागीदारी ने सभी का दिल छू लिया। इससे यह संदेश मिला कि घूमर और हमारी संस्कृति सभी के लिए है।
सभी महिलाओं ने पूरे आत्मविश्वास और खुशी के साथ नृत्य किया। 70 साल की मधु नुवाल ने बताया कि वो सुराणा मार्केट में रहती है। बचपन से भजनों पर नाचती आई है। अलग से घूमर की तैयारी नहीं की। वो बीजेपी की सबसे उम्र दराज कार्यकर्ता भी है। यहां उन्हें घूमर कर बहुत मजा आया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी जिंदगी भर घूमर से जुड़ी रहेगी।

70 साल की बुजुर्ग महिला भी दिखाई एक्टिव।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आयोजन की तारीफ की
इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ की धरती वीरता, त्याग और भक्ति की पहचान है। महाराणा प्रताप का शौर्य, महारानी पद्मिनी का त्याग और मीरा की भक्ति पूरे देश में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि घूमर का यह आयोजन राजस्थान की संस्कृति को देश और दुनिया तक पहुंचाएगा।
मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद सीपी जोशी और पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी भी मौजूद रहे। इसके अलावा कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया और महिलाओं की सराहना की।

15 हजार महिलाओं ने किया घूमर।
बेहतर व्यवस्था और सुरक्षा ने आयोजन को बनाया सफल
घूमर आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाएं अच्छी रहीं। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। बड़ी संख्या में लोग यह आयोजन देखने पहुंचे। किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई। कार्यक्रम के सफल समापन के साथ चित्तौड़गढ़ ने घूमर के जरिए एक नई पहचान बना ली।
इनडोर स्टेडियम उद्घाटन से विकास को मिला नया मौका
इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वर्चुअल माध्यम से 4.5 करोड़ रुपए की लागत से बने इनडोर स्टेडियम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को खेल के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह स्टेडियम आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगा।

मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद।
