![]()
भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड की बडीनाकी पंचायत के धनौरी गांव में असामाजिक तत्वों ने खलिहान में रखी धान की तैयार फसल में आग लगा दी।
भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड की बडीनाकी पंचायत के धनौरी गांव में असामाजिक तत्वों ने खलिहान में रखी धान की तैयार फसल में आग लगा दी।
.
इस घटना में करीब 10 बीघा (लगभग पांच एकड़) धान की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को दो लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
यह घटना सनोखर थाना क्षेत्र के धनौरी गांव से कुछ दूरी पर स्थित बहियार में हुई। जानकारी के मुताबिक, असामाजिक तत्वों ने देर रात करीब तीन बजे खलिहान में रखे धान में आग लगा दी।
ग्रामीणों को आग लगने की सूचना सुबह करीब सात बजे मिली। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी।
असामाजिक तत्वों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप
फिलहाल आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया गया है कि धान की फसल पोखर के पास एकत्र कर रखी गई थी, जहां जानबूझकर आग लगाई गई। इस आगजनी में चार सखुआ के पेड़ भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
बडीनाकी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार साह ने बताया कि आग रात करीब तीन बजे लगाई गई होगी, क्योंकि सुबह तक पूरी फसल जल चुकी थी।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने आते-जाते खलिहान में आग लगी देखी, जिसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई।
आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के खलिहान में आगजनी, कर्ज चुकाने की उम्मीद टूटी
मुखिया प्रतिनिधि विनय कुमार साह के अनुसार, जलधर मंडल, शिवलाल मंडल, संजय मंडल और राजेश मंडल नामक चार गरीब किसान परिवारों ने कटाई के बाद अपनी धान की फसल पोखर के किनारे एकत्र की थी। ये सभी किसान आर्थिक रूप से कमजोर हैं और इस घटना से उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित किसान जलधर मंडल ने बताया कि सभी किसानों ने दो दिन पहले ही धान की फसल एकत्र कर रखी थी। उन्होंने कहा कि वर्ष भर की मेहनत के बाद उन्हें फसल बेचकर कर्ज चुकाने की उम्मीद थी, लेकिन असामाजिक तत्वों ने खलिहान में आग लगा दी। पीड़ित किसानों के अनुसार, इस आगजनी की घटना में करीब दो लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
