फरीदाबाद जिले के अजरौंदा गांव में मंगलवार देर रात शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। जहां मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त के सीने में सब्जी काटने वाला चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी।
.
मृतक की पहचान मूल रूप से नेपाल के रहने वाले भीम कंवर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम भीम थापा बताया गया है। दोनों नेपाल के रहने वाले थे और फरीदाबाद में रहकर काम कर रहे थे। सेंट्रल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
मृतक के घर की बाहर की फोटो।
आरोपी और मृतक में थी दोस्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भीम थापा गांव अजरौंदा में अपनी पत्नी के साथ किराये के कमरे में रहता था और एक चिकन की दुकान पर मीट काटने का काम करता था। वहीं मृतक भीम कंवर कुछ दूरी पर अकेला रहता था और पेशे से ड्राइवर था। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और वे अक्सर एक-दूसरे के कमरे पर जाकर साथ बैठते, खाना खाते और शराब पीते थे।
शराब के नशे में हुई कहासुनी
बता दे कि मंगलवार रात भीम कंवर अपने एक अन्य दोस्त राजू के साथ भीम थापा के कमरे पर पहुंचा। उस समय थापा की पत्नी भी कमरे में मौजूद थी। तीनों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब लाने को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भीम कंवर ने आरोपी भीम थापा को दो-तीन थप्पड़ मार दिए।
आरोपी से चाकू से किया वार
थप्पड़ लगने से नाराज होकर भीम थापा कमरे के अंदर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाया। बाहर आते ही उसने गुस्से में भीम कंवर के सीने में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही भीम कंवर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
डॉक्टरों किया मृत घोषित
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके फरीदाबाद पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी भीम थापा से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
