नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के बरहोग गांव में मंगलवार देर रात फरार बदमाश को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला हुआ। इस घटना में एक (एएसआई) और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। छापेमारी के दौरान हुआ हमला बिंद थाने की एक पुलिस टीम मंगलवार रात बरहोग गांव में धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से छापेमारी करने पहुंची थी। लेकिन जैसे ही पुलिस दल गांव में दाखिल हुआ, अचानक आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला बोल दिया। पुलिस को संभलने का मौका भी नहीं मिला और हमलावरों ने लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से वार करना शुरू कर दिया। इस अचानक हमले में एएसआई सरोज कुमार और सिपाही राजीव कुमार रंजन के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। घायल जवानों को रेफर किया गया दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बिंद में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया है। हमले के बावजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी रवि कुमार के पिता भीम राम शामिल हैं, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है। हालांकि, मुख्य आरोपी रवि कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सात नामजद के खिलाफ मामला दर्ज बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करना अत्यंत गंभीर अपराध है। घायल एएसआई सरोज कुमार के बयान के आधार पर सात नामजद बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
Source link
