मुख्य बातें

झांसी में संविधान बचाओ परिचर्चा कार्यक्रम रद्द,पुलिस ने ताला डाला: भड़के दामोदर यादव बोले-धीरेंद्र शास्त्री के इशारे पर नाच रही सरकार और प्रशासन – Jhansi News

झांसी में संविधान बचाओ परिचर्चा कार्यक्रम रद्द,पुलिस ने ताला डाला:  भड़के दामोदर यादव बोले-धीरेंद्र शास्त्री के इशारे पर नाच रही सरकार और प्रशासन – Jhansi News

झांसी में आज़ाद समाज पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य और चर्चित नेता दामोदर यादव के ‘संविधान बचाओ परिचर्चा’ कार्यक्रम को पुलिस द्वारा रद्द कराए जाने का मामला गरमा गया है। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस द्वारा ताला लगाए जाने की जानकारी मिलते ही दामोदर यादव भड़क उठे और उन्होंने भाजपा सरकार और प्रशासन पर संविधान विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचे दामोदर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान से डरती है और इसी डर के कारण संविधान पर आधारित कार्यक्रमों को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि मौजूदा सरकार लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी को कुचलने का काम कर रही है। दामोदर यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और डीजीपी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आडंबर और पाखंड फैलाने वाले धीरेंद्र शास्त्री जैसे लोगों को सरकार पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराती है, लेकिन संविधान की बात करने वालों की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धीरेंद्र शास्त्री को अपना छोटा भाई बताए जाने के बाद प्रशासन और सरकारें उसके इशारे पर नाचने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धार्मिक उन्माद और दिखावे को बढ़ावा देकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है, जबकि संविधान आधारित विचारधाराओं को जानबूझकर दबाया जा रहा है। दामोदर यादव ने कहा कि संविधान पर चर्चा करना कोई अपराध नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का अधिकार है।बुंदेलखंड का जिक्र करते हुए दामोदर यादव ने दो टूक कहा कि वे इस ऐतिहासिक और संघर्षशील धरती को आडंबर और पाखंड का केंद्र नहीं बनने देंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संविधान की आवाज को दबाने की कोशिशें जारी रहीं तो आज़ाद समाज पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।बोले, कि संविधान की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी और सरकार चाहे जितनी ताकत लगा ले, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल आज़ाद समाज पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब मुजफ्फरनगर और मेरठ में हत्याएं होती हैं और उनके सांसद चंद्रशेखर आज़ाद पीड़ित परिवारों से मिलने जाते हैं, तो उन्हें 20 जगह रोका जाता है। दामोदर यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं और कोई भी हमेशा सत्ता में नहीं रहता। यदि इसी तरह संवैधानिक अधिकारों का हनन होता रहा, तो चुनाव नजदीक हैं और आज़ाद समाज पार्टी सरकार बदलने का काम करेगी। कार्यकर्ताओं संग डेली गांव पहुंचे दामोदर शहर के परशुराम चौक स्थित एक स्थानीय विवाह घर में आयोजित संविधान बचाओ परिचर्चा कार्यक्रम रद्द होने के बाद आज़ाद समाज पार्टी के कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के आग्रह पर झांसी शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर डेली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डेली गांव रवाना होने से पहले दामोदर यादव ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि वहां वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित है या नहीं। कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिमा होने की पुष्टि किए जाने पर उन्होंने समर्थकों से कहा कि ‘साथियों, हम वहीं चलेंगे’। कार्यक्रम के बाद दामोदर यादव दतिया के लिए रवाना हो गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *