रोहतक में मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्र व्यापी हड़ताल का नोटिस एसडीएम आशीष शर्मा को दिया। साथ ही 12 फरवरी की हड़ताल में सभी विभागों के कर्मचारियों को शामिल होने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य संगठन सचिव जयवीर चहल ने बताया कि हरियाणा उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर 2025 व 31 दिसंबर 2025 को कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के निर्देश दिए है, लेकिन भाजपा सरकार उच्च न्यायालय के आदेश को भी अनदेखा कर रही है। अभी तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया गया है। पुरानी पेंशन को सरकार नहीं कर रही बहाल
सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सहसचिव सुमेर सिवाच ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे है, लेकिन सरकार कर्मचारियों के हक को छीनने हुए पुरानी पेंशन को बहाल नहीं करना चाहती। पुरानी पेंशन बहाल न होने के कारण कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी विभागों को बंद करने पर तुली सरकार
किसान सभा के राज्य अध्यक्ष कामरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मजदूरों के लेबर कोड बदलकर मजदूरों की कमर तोड़ने का काम किया जा रहा है। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े है, जिन्हें सरकार भरना ही नहीं चाहती। सरकार सभी सरकारी विभागों को बंद करने पर तुली हुई है। 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे कर्मचारी
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कर्मवीर सिवाच व जिला सचिव मनजीत पांचाल ने कहा कि कर्मचारियों व मजदूरों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। सरकार को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं और अब राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस दिया है। अगर सरकार ने उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो 12 फरवरी को होने वाली हड़ताल में सभी वर्गों के कर्मचारी व मजदूर बढ़ चढ़ कर भाग लेंगे।
Source link
