धनबाद जिले के बड़ा अम्बोना में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक सरकारी स्कूल के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान अम्बोना स्थित सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र मो. शाहिल अंसारी के रूप में की गई है। साइकिल से अपने घर जा रहा था जानकारी के अनुसार, मो. शाहिल अंसारी स्कूल में टिफिन समय साइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को उठाया और इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने छात्र की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद बड़ा अम्बोना क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
