सीतापुर में कोतवाली नगर पुलिस चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए छह शातिर चोरों के एक संगठित गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से कुल 2 लाख 90 हजार रुपए नगदी सहित चोरी में प्रयुक्त उपकरण सहित अवैध असलहा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह सभी अभियुक्त शातिर है और इनका लंबा आपराधिक इतिहास है। जानकारी के अनुसार सीओ सिटी विनायक भोसले के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने गल्ला मंडी के पीछे स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शादाब, शिवम उर्फ मामा, आशीष उर्फ पहाड़ी, मुकेश कनौजिया उर्फ अंबानी, शिवम कनौजिया तथा वैभव सिंह उर्फ आदर्श ठाकुर निवासी कोतवाली नगर शामिल हैं। सीओ सिटी के अनुसार अभियुक्तों के पास से 2 लाख 90 हजार रुपए नकद, एक हथौड़ी, एक लोहे का बेलचा तथा एक तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बंद पड़े मकानों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे और ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए सोने-चांदी के गहनों को राह चलते औने-पौने दामों में बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे। पुलिस का दावा है कि अभियुक्तों ने बीते एक महीने में दो बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इनमें 5/6 दिसंबर 2025 की रात मुंशीगंज टंकी के पीछे तथा 23/24 दिसंबर 2025 की रात महेश होटल के पीछे हेमपुरवा क्षेत्र में हुई चोरी शामिल है। बरामद नकदी इन्हीं घटनाओं से संबंधित बताई गई है। सीओ सिटी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी लूट, चोरी व नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज हैं। शादाब कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
Source link
