पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के दौरान आने वाली संगत की सुविधा के लिए एक नई सराय का निर्माण किया जाएगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने “दीवान टोडर मल निवास” नामक इस सराय का नींव पत्थर रखा है। यह सराय गुरु घर की महान सेवा करने वाले दीवान टोडर मल जी की याद में बनाई जा रही है। एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कार सेवा दिल्ली वाले और संगत के सहयोग से इस धार्मिक प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत और सेवादार उपस्थित थे। धामी ने बताया कि इस निवास में कुल 186 कमरे और 10 बड़े हॉल बनाए जाएंगे। बाहर से आने वाली संगत को मिलेगी ठहरने की सुविधा : धामी इन कमरों और हॉलों का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाली संगत को ठहरने में सुविधा प्रदान करना है। शहीदी सभा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लाखों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचते हैं, जिससे ठहरने की व्यवस्था पर दबाव रहता है। यह नया निवास संगत को साफ-सुथरी और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराएगा। अध्यक्ष धामी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट गुरु साहिबानों की शहादत और दीवान टोडर मल जी की महान सेवा भावना को समर्पित है। दीवान टोडर मल जी ने गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों के संस्कार के लिए अपनी पूरी संपत्ति समर्पित कर दी थी। यह निवास उसी सेवा और त्याग की याद में बनाया जा रहा है। सामाजिक सेवा कार्य करना एसजीपीसी का उद्देश्य : हरजिंदर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि एसजीपीसी का मुख्य उद्देश्य धार्मिक, सामाजिक और सेवा से जुड़े कार्य करना है। उन्होंने इस अवसर पर किसी भी राजनीतिक चर्चा से परहेज किया और कहा कि उनका पूरा ध्यान गुरु घर की सेवा और संगत की सुविधा पर केंद्रित है।
Source link
