करनाल जिला में घरौंडा नेशनल हाइवे-44 पर अवैध कटो को लेकर एनएचएआई ने बड़ा एक्शन लिया है। सरकारी संपति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में ढाबों और पैट्रोल पंपों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। एनएचएआई की माने तो इन कटों के कारण हाईवे पर लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। एनएचएआई की ओर से कई बार इन्हें बंद किया गया, लेकिन ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों ने दोबारा कट खोल दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एनएचएआई अधिकारी ने दी लिखित शिकायत
एनएचएआई अंबाला में घटना प्रबंधन अधिकारी के पद पर तैनात धीरेन्द्र शर्मा ने थाना घरौंडा में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि एनएच-44 हाईवे पर कुछ ढाबा मालिक और पेट्रोल पंप संचालक अपने बिजनेश के लिए अवैध कट खोल रहे हैं। एनएचएआई द्वारा बार-बार इन्हें बंद कराने के बावजूद दोबारा खोल दिया जाता है, जिससे हाईवे की संरचना को नुकसान हो रहा है और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। दुर्घटनाओं का बना रहता है खतरा
शिकायत में स्पष्ट किया गया कि इन अवैध कटों के कारण तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। अचानक मुड़ते वाहनों से टकराव की आशंका बनी रहती है। इससे न केवल यात्रियों बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी खतरा बढ़ जाता है। एनएचएआई की ओर से इन कटों की फोटो भी शिकायत के साथ संलग्न की गई हैं। इन स्थानों पर बताए गए अवैध कट
घरौंडा से पानीपत की ओर एचपी पेट्रोल पंप, आशीर्वाद ढाबा, गुरुकृपा कार वॉश, ब्रेक प्राइवेट ढाबा, न्यू बाबा दा ढाबा, भारत पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम (सीएनजी भाटिया) और द अर्बन विलेज रेस्टोरेंट के सामने अवैध कट बताए गए हैं। वहीं पानीपत से घरौंडा की ओर लक्ष्मी रसोई, राजेन्द्र वैष्णो ढाबा, इंडियन ऑयल पंप (शहीद लाल सिंह फिलिंग स्टेशन) और यस कैंटीन के सामने अवैध कट होने का जिक्र किया गया है। साथ ही एनएचएआई की तरफ से इन ढाबो और पैट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
घरौंडा पुलिस ने धीरेंद्र शर्मा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार का कहना है कि एनएचएआई के अधिकारी धीरेंद्र की तरफ से शिकायत मिली है। जिसमें ढाबा संचालकों व पैट्रोल पंप संचालकों पर अवैध कट खोलने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान अवैध कटो के संबंध में सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link
