पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में एक नीट छात्रा की मौत के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। इसी क्रम में, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा मंगलवार को जहानाबाद स्थित पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे और न्याय का भरोसा दिलाया। पीड़ित परिवार ने डिप्टी सीएम से न्याय की गुहार लगाई। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ दरिंदगी हुई है। पीड़ित पिता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। ‘एसआईटी टीम हमें ही प्रताड़ित कर रही’ पिता ने बताया कि सरकार द्वारा गठित एसआईटी टीम उन्हें ही प्रताड़ित कर रही है। टीम कई घंटों तक उनसे और उनके सगे-संबंधियों से पूछताछ कर रही है, जिससे वे अपराधी जैसा व्यवहार महसूस कर रहे हैं। टीम कई बार उनके घर आ चुकी है और विभिन्न सवालों से उन्हें परेशान किया जा रहा है। आत्महत्या करने की दी चेतावनी परिवार पुलिस की जांच से असंतुष्ट है और उनका कहना है कि पुलिस सही दिशा में जांच नहीं कर रही है। उनका आरोप है कि घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा, बल्कि लगातार उनसे ही पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पिता ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आत्महत्या करने को विवश होंगे। परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया डिप्टी सीएम सिन्हा ने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना में शामिल किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों। सभी अपराधियों को पकड़ा जाएगा। हालांकि, गांव में लगातार नेताओं के दौरे के बावजूद अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में असंतोष पनप रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नेताओं की कतार लगी है, लेकिन पीड़िता को न्याय नहीं मिल रहा है।
Source link
