सरगुजा में गुरूवार को घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण सरगुजा संभाग में बादल छाए हुए हैं एवं नमी बढ़ी है। रात में न्यूनतम तापमान गिरने के बाद नमी कोहरे में बदल गई। सुबह 10 बजे तक सरगुजा में कोहरा दिखा। आगामी दो दिनों तक अधिकतम तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान है। न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ में बुधवार रात से कोहरा छाने लगा। गुरूवार सुबह घने कोहरे के कारण बिजीबिलिटी गिरकर 10 मीटर से भी कम रह गई। इसके कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। सुबह भी गाड़ियों की हेडलाइट जलती रही। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में नमी बनी रहेगी एवं आगामी दो से तीन दिनों तक कोहरा छा सकता है। इस दौरान अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। तीन दिन ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम होने का अनुमान नहीं है। कोहरे के कारण 10 बजे तक सूर्य नहीं दिखा। इसके कारण सुबह भी सर्द हवाओं का असर दिखा। सरगुजा के पाट क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। पाट क्षेत्रों में कोहरा नहीं दिखा है। पाट इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। दो दिनों बाद बढ़ने लगेगा तापमान
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में आगामी दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। बादलों के कारण उत्तरी शीतलहरें प्रवेश नहीं कर रही हैं। आद्रता अधिक होने के कारण कोहरा छा रहा है। कोहरे का असर भी आगामी एक दो दिनों तक दिख सकता है। 31 जनवरी के बाद न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है।
Source link
