यात्री सुरक्षा में नया आयाम जोड़ते हुए उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) देश का पहला रेलवे जोन बन गया है। जिसने अपनी सभी ट्रेनों के एसी कोचों में फायर और स्मोक डिटेक्टर सिस्टम लगाने का काम पूरा कर लिया है। अब एनसीआर के 730 एसी कोचों में यात्रा पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हो गई है। यह आधुनिक प्रणाली ट्रेनों में आग जैसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगी। एसी कोच की छत पर लगे स्मोक डिटेक्टर और बोगी में बिछी पाइपलाइन से धुएं का पता चलते ही मोटर सक्रिय हो जाएगी। गंभीर स्थिति में सिस्टम न केवल अलार्म बजाएगा बल्कि ट्रेन में खुद इमरजेंसी ब्रेक भी लगा देगा। करीब तीन साल पहले प्रमुख ट्रेनों जैसे प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस में इसकी शुरुआत हुई थी। अब प्रयागराज-डॉ. अंबेडकरनगर, सूबेदारगंज-मेरठ सिटी संगम एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी, प्रयागराज-लालगढ़ तथा सूबेदारगंज-उधमपुर जैसी कई ट्रेनों के एसी कोच भी इससे लैस हो चुके हैं। एनसीआर के पीआरओ डॉ. अमित कुमार मालवीय ने बताया जोन के सभी एसी कोचों और पावर कारों में यह सिस्टम सफलतापूर्वक लगा दिया गया है।
Source link
