झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में जन स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एचकेआरएन (हरियाणा कौशल रोजगार निगम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों को बीते चार महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण भारी रोष देखने को मिला। आज मंगलवार को विभाग में कार्यरत 29 कर्मचारियों ने यूनियन के आह्वान पर यूनियन कार्यालय में एकत्र होकर सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बताया कि लगातार चार महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई, किराया और अन्य जरूरी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। तीन दिन का विभाग को दिया अल्टीमेटम
यूनियन के जिला प्रधान राजेश दहिया, जिला सचिव सुनील शर्मा, यूनियन प्रधान अमित राठी सहित निशांत, दीपक, सुनील, सतीश, अश्वनी, गौरव आदि कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो वे बहादुरगढ़ उपमंडल के सभी गांवों की पेयजल आपूर्ति बंद करने पर मजबूर होंगे। इसके साथ ही जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। कर्मचारी बोले सैलरी न देकर कर रहे शोषण
यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार एक तरफ कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करवाती है, लेकिन दूसरी तरफ समय पर वेतन न देकर उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनकी सैलरी जारी की जाए, ताकि वे अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें। वहीं, इस चेतावनी के बाद अगर पेयजल सप्लाई बाधित होती है तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
Source link
