छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बीजेपी नेता की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ओंकारबंद निवासी अशोक कुमार विश्वकर्मा (40) के रूप में हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 353 पर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर दिया। यह घटना मंगलवार को खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम ओंकारबंद में हुई। दोपहर करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच गैस सिलेंडर से भरा एक पिकअप (CG 06GT 5630) महासमुंद से बागबाहरा की ओर जा रहा था। सड़क पार कर रहे अशोक को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अशोक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम हादसे के बाद ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 353 पर चक्काजाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर खल्लारी पुलिस और बागबाहरा की नायब तहसीलदार नंदिनी वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे तत्काल कार्रवाई और मृतक के परिजनों के लिए 2 लाख मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। बीजेपी नेता के गैस एजेंसी की है पिकअप गांव के सरपंच दुष्यंत कुमार चंद्राकर ने बताया कि, अशोक कुमार विश्वकर्मा गरीब परिवार से था और उसके छोटे बच्चे हैं। जिनका भरण-पोषण करने वाला कोई नहीं है। सरपंच ने पुलिस और नायब तहसीलदार को यह भी जानकारी दी कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप बागबाहरा के भाजपा नेता अलका नरेश चंद्राकर की गैस एजेंसी का है। यह वाहन अक्सर तेज रफ्तार से गुजरता है, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं होती। 25 हजार की सहायता राशि मिली पुलिस के ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। नायब तहसीलदार नंदिनी वर्मा ने सरपंच और ग्रामीणों की उपस्थिति में मृतक के भाई को तत्काल 25 हजार की सहायता राशि दी गई। हादसे के बाद चालक ने वाहन सहित खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
Source link
