महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर झांसी में इस वर्ष भव्य शिव बारात निकाले जाने की तैयारी है, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में गुरुवार को राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड्जरिया ने पत्रकारों से बातचीत कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
उन्होंने बताया कि मढ़िया महादेव मंदिर पर विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर कॉरिडोर निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन भी किया जाएगा।
हिन्दू संगठन के नेता अंचल अड्जरिया ने कहा कि गोविंद चौराहा स्थित मढ़िया महादेव मंदिर पर लंबे समय से कब्जा था, जिसे संगठन के आंदोलन के बाद मुक्त कराया गया है। हालांकि मंदिर परिसर के लगभग सात एकड़ क्षेत्र में अब भी पूरी तरह अतिक्रमण नहीं हट पाया है। यहां मिश्रित आबादी निवास कर रही है, जिन्हें विस्थापित किए जाने की प्रक्रिया प्रशासन से वार्ता कर तय की जाएगी। उन्होंने मांग की कि विस्थापित होने वाले परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह काशी में भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया गया है, उसी तर्ज पर झांसी के मढ़िया महादेव मंदिर तक भी कॉरिडोर बनाया जाना चाहिए। अंचल अड्जरिया ने झांसी और काशी के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने इस रिश्ते को और मजबूत किया था। 15 फरवरी को निकलेगी शिव बारात
अंचल अड्जरिया ने बताया कि 15 फरवरी को शिव बारात बड़ा बाजार से प्रारंभ होकर मानिक चौक, मालिनों का तिराहा, सिंधी तिराहा, रानी महल, गुलाम गौस खां चौराहा, सैंयर गेट होते हुए मढ़िया महादेव मंदिर पहुंचेगी। इस शिव बारात में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
Source link
