हरियाणा में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे युवकों की काली स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और गांव भावड से समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शादी से लौटते वक्त हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार घडवाल से भावड रोड पर HR 98 B 9988 नंबर की काली स्कॉर्पियो अनबैलेंस होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। गाड़ी में कुल सात युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चार युवकों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में गोलू (गांव घुसकानी, रोहतक), अकुश पुत्र जयपाल (गांव खिडवाली), दीपक (गांव खिडवाली) और साहिल पुत्र सतबीर (गांव खिडवाली) की मौत हो गई। चारों की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें गोलू शादीशुदा था, जबकि अन्य तीन युवक अविवाहित थे। एक साथ चार युवाओं की मौत से गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
दो युवकों का पीजीआई में चल रहा इलाज
हादसे में अंकित पुत्र राजकिशन (गांव खिडवाली) और सागर पुत्र दया किशन (गांव खिडवाली) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज खानपुर में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एक युवक सुरक्षित, गांवों में पसरा मातम
हादसे में मोहित पुत्र अशोक (गांव खिडवाली) को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बताया जा रहा है। वहीं चार युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव खिडवाली, घुसकानी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link
