हिसार10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
साहिल बंसल ने छत्तीसगढ़ की युवती मधु से हिसार में फेरे लिए थे। इनसेट में मधु का फोटो।
हिसार में शादी के 3 दिन बाद ही दुल्हन घर से भाग गई। उसने पति और देवर को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दीं। परिवार ने बिचौलिए के जरिए छत्तीसगढ़ की युवती से से रिश्ता किया था। इसके बाद 4 लाख रुपए खर्च कर हिसार में शादी की। बदले में युवती के परिवार को सोने की चेन और कड़ा भी दिया।
खास बात यह है कि परिवार ने बहू को घुंघरू वाली पाजेब लाकर दी थी, ताकि उसकी मौजूदगी का अहसास होता रहे। मगर, वह इतनी शातिर निकली की पाजेब उताकर भाग गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने सिविल लाइन थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने पति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि युवती छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की रहने वाली है। पुलिस टीम अब युवती के साथ-साथ उन लोगों को तलाश रही है, जिन्होंने यह शादी कराई थी।

दुल्हन मधु भारद्वाज, जो पति और देवर को नींद की गोलियां खिलाकर फरार हो गई।
इस तरह दुल्हन ने दिया वारदात को अंजाम…
- बिचौलिए के कहने पर तय की थी शादी: घोड़ा फॉर्म रोड निवासी अनिल बंसल ने बताया कि वह ड्राइवर है। उसने अपने बेटे साहिल (25) की शादी बिचौलिए के कहने पर छत्तीसगढ़ में की थी। साहिल तेलियान पुल के पास मेडिकल शॉप में नौकरी करता है। बिचौलिए ने बताया कि छत्तीसगढ़ से 6 लोग हिसार आकर शादी करवाएंगे। बदले में युवती मधु भारद्वाज के परिवार को सोने की चेन और कड़ा देना होगा। इसके अलावा गांव में शादी की पार्टी करवानी होगी। परिवार यह सब करने पर राजी हो गया।
- 13 फरवरी को शादी हुई, 4 लाख खर्च किए: अनिल बंसल के मुताबिक, तय कार्यक्रम के अनुसार 13 फरवरी को मधु भारद्वाज के परिवार के लोग दिल्ली होते हुए हिसार आए, जहां उनके लिए एक होटल में कमरा बुक किया गया। साहिल की शादी पर चार लाख रुपए खर्च किए। दो लाख रुपए पार्टी और होटल में ठहरने पर लग गए। दुल्हन के माता-पिता को सोने का कड़ा और चेन भी दी।
- शिवरात्रि पर नींद की गोलियां खिलाईं: अनिल ने बताया कि शिवरात्रि की रात को बहू मधु ने बेटे साहिल और उसके साथ वाले कमरे में सो रहे छोटे बेटे हिनू को नींद की गोलियां दूध में मिलाकर दे दीं। इसके बाद वह सुबह 4 बजे बाथरूम के लिए उठी और कहने लगी कि कपड़े धोने हैं। इसके बाद वह ऊपर छत पर चला गया और बेटे नींद की गोली के नशे में दोबारा सो गया। इसी का फायदा उठाकर बहू सुबह बजे घर से निकल गई।

नींद की गोलियों को मधु ने बेलन की मदद से पीस कर दूध में मिलाया था।
- बेलन मिलने से ठगी का पता चला: अनिल के मुताबिक, उन्होंने बहू पर नजर भी रखी। शादी के तीन दिन तक तो घर में रिश्तेदार थे। जैसे-जैसे रिश्तेदार जाने लगे, घर में भीड़ कम होने लगी। 15 फरवरी तक सभी रिश्तेदार जा चुके थे। रिश्तेदारों के जाते ही, पुत्रवधू भी भाग निकली। बाद में रसोई में देखने पर पता चला कि बेलन से नींद की गोलियां पीस कर दूध में मिलाई थीं। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।

रात को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पति और देवर को दे दी।
पुलिस पर देरी से कार्रवाई का आरोप अनिल बंसल ने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस ने देरी से कार्रवाई की है। उन्होंने सोमवार सुबह 7 बजे पुलिस को सूचना दे दी थी। मगर, पुलिस ने 11 बजे तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद जब बहू की मोबाइल लोकेशन खंगाली तो वह दिल्ली में मिली। हमें शक है कि वह अपने परिवार के पास ही गई है, ऐसे में पुलिस को उसका जल्द से जल्द पता लगाना चाहिए।
बिचौलिया संतोष का भी इसमें हाथ हो सकता है। जब उससे फोन पर बात की तो वह उल्टा हमें ही धमकाने और कार्रवाई करने का डर दिखाने लगा।
जांच अधिकारी बोले- मामले की जांच जारी इस मामले की जांच ASI सुनीता देवी को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है। लोकेशन ट्रेस कर फरार दुल्हन का पता लगा रहे हैं। जल्द उसे पकड़ लेंगे।
———————–
ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा में पकड़ी लुटेरी दुल्हन की पूरी कहानी:बॉयफ्रेंड भाई बनता, मां-बाप किराए के, एक रात के बाद भाग जाती, एक चूक से पकड़ी

हरियाणा के रेवाड़ी में पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन कौशल्या उर्फ पूजा यूपी के सुल्तानपुर के हकीमपुर गांव की रहने वाली है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वह पति को छोड़ चुकी है। गांव का ही युवक राकेश उसका बॉयफ्रेंड है। ऐश की जिंदगी जीने की ख्वाहिश में ही दोनों ने फर्जी शादी रचाकर पैसा कमाने का धंधा पकड़ा। (पूरी खबर पढ़ें)

