![]()
समस्तीपुर कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में साप्ताहिक ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूरदराज के क्षेत्रों से आए लगभग दो दर्जन फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व (भूमि विवाद, दाखिल-खारिज), आपूर्ति (राशन कार्ड), परिवहन, जल-नल योजना और समाज कल्याण से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों की वस्तुनिष्ठ जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निवारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि विवादों का निपटारा करने का निर्देश राजस्व से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारियों (CO) को प्राथमिकता के आधार पर भूमि विवादों का निपटारा करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। सप्ताह में दो दिन जनता दरबार का आयोजन जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए और इसकी सूचना संबंधित आवेदक को भी दी जाए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि सरकार के निर्देश पर सप्ताह में दो दिन जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। आज आयोजित जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं के निष्पादन के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
Source link
