संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्रों को अब एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। यह सुविधा नए सत्र से लागू होगी। बोर्ड ने पांच में से किसी एक विषय में कम अंक आने पर छात्रों को सुधार का मौका देने का प्रस्ताव तैयार किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिशचंद नाथ ने बताया कि इंटरमीडिएट के लिए 25,848 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। बोर्ड ने इस संबंध में एक नया प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसकी मंजूरी का इंतजार है। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि शासन से मंजूरी मिलते ही इसी साल अप्रैल के अंत में परिणाम घोषित होने के बाद इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन लिए जाएंगे। यह व्यवस्था इंटरमीडिएट के पांच विषयों में से किसी एक विषय के लिए होगी। छात्र-छात्राओं का मानना है कि इस व्यवस्था से उन्हें लाभ मिलेगा। जिले के इंटरमीडिएट छात्र अनमोल श्रीवास्तव ने कहा कि कई बार छात्र खराब स्वास्थ्य या अन्य कारणों से परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाते, जिससे उनके अंक कम रह जाते हैं। ऐसे में सुधार का यह अवसर महत्वपूर्ण होगा।
Source link
