नूंह जिले में एटीएम काटने के आरोपी को पकड़ने आई मेघालय पुलिस की कार्रवाई के दौरान फायरिंग हो गई। आरोपी को छुड़ाने की कोशिश के बीच हुई इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। यह घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, मेघालय में एटीएम काटने की वारदात में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए मेघालय पुलिस की एक टीम नूंह जिले के वाजिदपुर गांव पहुंची थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोपी को छुड़ाने प्रयास किया बताया गया है कि जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर सिकरावा-भादस रोड से गुजर रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने की फायरिंग स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फायरिंग कर दी। इसी दौरान सिकरावा-भादस रोड पर पूर्व सरपंच जुहूरखा के घर के सामने अपनी दुकान पर वेल्डिंग का काम कर रहे तारीफ (उम्र 22 वर्ष) के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से युवक घायल गोली लगने से तारीफ घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। तारीफ शादीशुदा है और उसका एक छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने रोड को जाम कर नारेबाजी की। वहीं, मेघालय पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Source link
