हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में 400 MBBS डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इनकी चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी। सुंदरनगर से बीजेपी विधायक राकेश जम्वाल के सवाल के जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि छह महीने में किसी भी पीएचसी में स्टाफ की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर हम मेडिकल टूरिज्म की तरफ बढ़ेंगे। मेडिकल कॉलेजों में भी स्टाफ की कमी पूरी की जाएगी, जरूरत के हिसाब से रेशनेलाइजेशन भी किया जाएगा। सरकार मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के 100 पद भरने जा रही है। राज्य चयन आयोग के माध्यम से इन पदों को भरा जाएगा। सीएम ने कहा कि वॉक इन इंटरव्यू की जगह लिखित परीक्षा से ही पद भरे जाएंगे। सिफारिश की गुंजाइश खत्म करने के लिए वॉक इन इंटरव्यू खत्म किए गए है। स्टाफ नर्स के खाली पदों को भी भर रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट की कमी को भी पूरा किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि पशु मित्रों की भर्ती पशुपालन विभाग के अंतर्गत होगी। इनकी सेवाएं ठेकेदार के अधीन नहीं रहेगी। पशु मित्रों को 5000 रुपए मानदेय मिलेगा। आउटसोर्स कर्मचारियों का मुद्दा सदन में गूंजेगा सदन में वर्षों से शोषित महसूस कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों का मामला भी आज सदन में गूंजने वाला है। मंडी जिले के करसोग से बीजेपी विधायक दीपराज ने आज सदन में आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ा सवाल पूछ रखा है। राज्य के विभिन्न विभागों में 25 हजार से अधिक कर्मचारी आउटसोर्स पर सेवाएं दे रहे हैं और 15 साल से अधिक की नौकरी के बाद भी इनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। आज भी ज्यादातर आउटसोर्स कर्मचारियों को 10 से 15 हजार रुपए मासिक मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। सदन में इस मसले पर तपिश देखने को मिल सकती है, क्योंकि नाम मात्र के मानदेय पर वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी एक लाख या इससे अधिक वेतन पाने वालों से ज्यादा काम कर रहे हैं। इनके भविष्य को लेकर आज तक किसी ने नहीं सोचा। लिहाजा, सबकी नजरें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के जवाब पर टिकी हैं। मल्टी टास्क वर्कर से जुड़ा सवाल भी सदन में गूंजेगा इसी तरह, पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग में मात्र 5500 रुपए के मानदेय पर काम कर रहे मल्टी टास्क वर्करों से जुड़ा सवाल भी सदन में गूंजेगा। ऊना से बीजेपी विधायक सत्तपाल सत्ती ने इनका मानदेय बढ़ाने और कार्य-घंटे (working hours) कम करने से जुड़ा सवाल पूछ रखा है। सदन में आज 2025-26 के लिए अनुपूरक बजट भी पारित किया जाना है। विधानसभा की कार्यवाही से पहले बीजेपी का प्रदर्शन बजट सेशन के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने हाथों में नारे लेकर लिखी तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में आक्रोष रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष ने सरकार पर वन माफिया सक्रिय होने के आरोप लगाए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा में 25 पेड़ काटने की परमिशन थी और निजी भूमि पर सैकड़ों पेड़ काटकर जमींदोज कर दिए गए। उन्होंने निजी भूमि पर 25 पेड़ काटने की परमिशन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मौके पर 300 से ज्यादा पेड़ काट दिए गए। उन्होंने कहा कि पेड़ काटने वाला कांग्रेस नेता है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने धर्मपुर में भी पेड़ कटान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग, वन, खनन, शराब माफिया सक्रिय है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रहेगी प्रश्नकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रहेगी। इस पर सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक अपनी-अपनी बात रखेंगे।
Source link
