मुख्य बातें

झारखंड में ईद की रौनक; मस्जिदों में अदा हुई नमाज: लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को दी बधाई, बाजारों में देर रात तक रही भीड़ – Ranchi News

झारखंड में ईद की रौनक; मस्जिदों में अदा हुई नमाज:  लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को दी बधाई, बाजारों में देर रात तक रही भीड़ – Ranchi News

झारखंड में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उल्लास और परंपरागत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चांद के दीदार के बाद शनिवार को प्रदेशभर में ईद की खुशियां छा गईं। राजधानी रांची समेत सभी जिलों में सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। एदारे शरिया और इमारते शरिया की ओर से ईद की घोषणा होते ही लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और घर-घर में त्योहार का माहौल बन गया। सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर नमाज की तैयारी में जुट गए और पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी भीड़ सुबह होते ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोयलांचल क्षेत्र के बथान टांड, नूरी मस्जिद, बूटबेड़ा, सिरका, भदवा, परेज और अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। सभी ने एक साथ नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन की दुआ मांगी। धनबाद के रेलवे ग्राउंड में भी हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। उलेमाओं ने अपने संबोधन में शांति, सौहार्द और इंसानियत को बढ़ावा देने पर जोर दिया। चांद रात में बाजारों में रही चहल-पहल ईद से पहले चांद रात के मौके पर बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। लोग सेवई, लच्छा, कपड़े, इत्र, टोपी और जूते-चप्पलों की खरीदारी करते नजर आए। अस्थायी दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। घरों में महिलाओं ने सुबह से ही पारंपरिक पकवान बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरे माहौल में त्योहार की खुशबू घुली रही। फितरा अदा कर जरूरतमंदों को जोड़ा ईद के अवसर पर काजी-ए-शरियत मुफ्ती नजरे तौहिद ने लोगों से नमाज से पहले फितरा अदा करने की अपील की, ताकि गरीब और जरूरतमंद भी इस खुशी में शामिल हो सकें। पाकुड़ सहित अन्य जिलों में भी ईद सादगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जा रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। गिरिडीह में धूमधाम से मनी ईद-उल-फितर गिरिडीह में ईद-उल-फितर पर बरवाडीह स्थित ईदगाह, भण्डारीडीह, मोहनपुर, बिशनपुर लाइन मस्जिद, बुढ़ियाखाद, कोलडीहा, सिकदारडीह और तेलोडीह समेत कई स्थानों पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने एकत्रित होकर नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे शहर में सौहार्द और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा। कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच शांतिपूर्ण रहा आयोजन ईद के अवसर पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह देखा गया। सभी नए कपड़ों में सजे-धजे ईदगाह पहुंचे और पर्व की खुशियों में शामिल हुए। वहीं, त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों और शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रही। प्रशासनिक सतर्कता के कारण पूरे जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *