दौसा जिले में ईद का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। जिले की छोटी-बड़ी सभी मस्जिदों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा की। जिला मुख्यालय स्थित बजोरी की ईदगाह में घने कोहरे के बीच मुख्य नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। हालांकि, इस बार एक अलग तस्वीर देखने को मिली कि हर साल की तरह कोई भी जनप्रतिनिधि ईदगाह में मुबारकबाद देने नहीं पहुंचा। इसको लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी रहीं। मार्च माह में पहली बार इतना जबरदस्त कोहरा देखने को मिला। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक लौट आई और कोहरे ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ठंड और कोहरे के बावजूद बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलेभर में जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात किया गया, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Source link
