सीकर में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन का पुख्ता इंतजाम रहेगा। जिला कलेक्टर ने शोभायात्रा के लिए 12 मजिस्ट्रेट लगाए हैं तो वहीं करीब 2500 पुलिसकर्मियों का जाब्ता लगाया जाएगा। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि RAS व तहसीलदार स्तरीय अधिकारियों की 2-2 के पैच में ड्यूटी लगाई गई है। रामनवमी की यात्रा के लिए बड़ी संख्या में सादा वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएंगे। सीकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि शोभायात्रा के लिए जिले की पुलिस लाइन, RAC, सभी पुलिस थानों के जाब्ते के साथ ही जयपुर रेंजभर की फोर्स लगाई जाएगी। पुलिस पूरी शोभायात्रा और रास्ते के सभी घरों की ड्रोन से निगरानी रखेगी। शोभायात्रा के रास्ते में आने वाली सभी गलियों को बेरिकेटिंग से बंद किया जाएगा। पुलिस फोर्स 25 मार्च से 27 मार्च तक ड्यूटी पर रहेगी। सीकर में रामनवमी पर रघुनाथ मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी और रामलीला मैदान में संपन्न होगी। शोभायात्रा के रूट मैप को लेकर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने भी जानकारी ली है। शोभायात्रा के रास्ते में आने वाले सभी घरों व दुकानों की छत पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा ड्रोन से सभी छतों की कड़ी निगरानी की जाएगी।
Source link
