बिहार इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट सोमवार को जारी कर दिया गया है। इस बार 85.19% स्टूडेंट्स एग्जाम में पास हुए हैं। इसमें 84.09% छात्र और 86.23 छात्राएं सफल रही हैं।
.
दरभंगा के 4 छात्र-छात्राओं ने टॉप सूची में जगह बनाई है। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के सहनपुर निवासी सत्यम कुमार ने साइंस में 95.2 प्रतिशत (476 नंबर) लाकर बिहार में चौथा स्थान हासिल किया है।
सत्यम कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के लखनपुर गांव के रहने वाले हैं। कंप्यूटर इंजीनियर बनने का सपना है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले सत्यम शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
20 मार्च को बोर्ड ने टॉपर्स वेरिफिकेशन के लिए पटना बुलाया था।सत्यम की इस सफलता पर पिता मुन्ना सरकार और माता गीता देवी काफ खुश है। विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों में गर्व का माहौल है। शिक्षकों ने उनके अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत की सराहना की है।
मिठाई खिलाकर सत्यम को दी बधाई।
IAS अफसर बनने का है सपना
बहारदुरपुर प्रखंड की छात्रा निशु कुमारी ने आर्ट्स में 95.49 प्रतिशत (477 अंक) के साथ बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। साथ ही पूरे जिला में टॉप किया है। निशु प्लस टू सेकेंडरी स्कूल बरूआड़ा की छात्रा हैं। पिता सुवेश तिवारी किसान हैं, जबकि मां रूबी देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं।
निशु बचपन से ही अपने नाना-नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही हैं। शैक्षणिक रिकॉर्ड पहले से ही उत्कृष्ट रहा है। दसवीं कक्षा में भी जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। अब इंटर में भी उन्होंने अपनी मेहनत का लोहा मनवाते हुए राज्य में तीसरा और जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
सेल्फ स्टडी पर फोकस
निशु ने कहा कि वह आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी कर आईपीएस अधिकारी बनना चाहती हूं। देश की सेवा करना उनका लक्ष्य है। कभी घंटों के हिसाब से पढ़ाई नहीं की। मैं रोज यह तय करती थी कि आज कौन-सा चैप्टर पूरा करना है। उसे पूरा करने में जितना समय लगे, खत्म करके ही उठती थी। सेल्फ स्टडी पर विशेष जोर दिया और ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन क्लास भी ली।

परिवार के साथ निशु कुमारी।
आर्ट्स स्टीम में पूरे राज्य में चौथे नंबर पर
केवटी प्रखंड के रैयाम थाना क्षेत्र के रहने वाली स्वीटी कुमारी ने 95.20 प्रतिशत (476 अंक) लाए हैं। आर्ट्स में स्वीटी ने पूरे बिहार में चौथी जगह बनाई है। पिता किराना दुकान चलाते हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी सेविका हैं।
इस उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर है। पंचायत के मुखिया इफ्तखार अकबर उर्फ छोटन उनके घर पहुंचे और मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर, फूल माला और मिठाई देकर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मिथिलि परंपरा के अनुसार स्वीटी कुमारी को किया गया सम्मानित।
स्टेट मेरिट में नाम आने की उम्मीद थी
स्वीटी कुमारी ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास दिन है। आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हूं। अधिकारी बनकर देश की सेवा करूंगा। रोजाना 8-9 घंटे पढ़ाई करती थी। सेल्फ स्टडी पर विशेष ध्यान देती थी। विश्वास था कि उनका नाम स्टेट मेरिट में जरूर आएगा। लेकिन चौथा स्थान मिलेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।
सीमित साधनों के बावजूद समझौता नहीं किया
प्लस टू एलएमएचएस आनंदपुर के छात्र मनीष कुमार ने 95 प्रतिशत (475 अंक) के साथ आर्ट्स में राज्य में 5वां और जिला में पांचवां स्थान हासिल किया है। मनीष की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और परिवार का संघर्ष छिपा है। उनके पिता कोलकाता में सीजनल व्यवसाय करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की पढ़ाई के लिए मेहनत करते हैं। मनीष ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।
मनीष ने कहा कि सीमित साधनों के बावजूद पढ़ाई में कभी समझौता नहीं किया। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। अब तक न तो फेसबुक और न ही इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया। पढ़ाई के लिए यूट्यूब का सहारा लेता हूं। आगे चलकर IAS अधिकारी बनने का सपना है।

परिवार के साथ खुशी मनाते हुए मनीष कुमार।
अब, दरभंगा में तीनों स्ट्रीम के टॉपर्स के बारे में जानिए
आर्ट्स निशु कुमारी स्कूल: +2 सेकेंडरी स्कूल बरुआरा, दरभंगा प्रतिशत: 95.40 | अंक: 477
स्वीटी कुमारी स्कूल: राजकीयकृत रैयाम चीनी मिल +2 उच्च विद्यालय, दरभंगा प्रतिशत: 95.20 | अंक: 476
मनीष कुमार स्कूल: +2 एल.एम.एच.एस. आनंदपुर, दरभंगा प्रतिशत: 95.00 | अंक: 475
कॉमर्स सुंदरम कुमार यादव स्कूल: +2 महंथ कर्ण ज्योति उच्च विद्यालय, हायाघाट प्रतिशत: 92.60 | अंक: 463
जेबा परवीन स्कूल: +2 राजकीयकृत बसुदेव मिश्र हाई स्कूल, सिमरी प्रतिशत: 90.80 | अंक: 454
प्रीति कुमारी स्कूल: +2 एम.ए.आर.एम. स्कूल, लालबाग प्रतिशत: 90.60 | अंक: 453
साइंस सत्यम कुमार स्कूल: +2 उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, सनहपुर, सिंहवाड़ा प्रतिशत: 95.20 | अंक: 476
हेमा कुमारी स्कूल: उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिजुली, सदर प्रतिशत: 92.80 | अंक: 464
श्वेता कुमारी स्कूल: उत्क्रमित माध्यमिक स्कूल, समाधपुरा प्रतिशत: 92.00 | अंक: 460 कमरान खान स्कूल: उच्च माध्यमिक विद्यालय, अरई बिरदीपुर, सिंहवाड़ा प्रतिशत: 92.00 | अंक: 460
शिवम कुमार मिश्रा स्कूल: +2 उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, रमौली, बेनीपुर प्रतिशत: 92.00 | अंक: 460

दरभंगा में 48,994 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल हुए थे
दरभंगा में कुल 48,994 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल हुए थे। इनमें 23,007 छात्र और 25,987 छात्राएं शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 12वीं बोर्ड के एग्जाम में शामिल कुल परीक्षार्थियों में इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है।
जिले में आर्ट्स के सबसे ज्यादा 32,227 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 11,743 छात्र और 20,484 छात्राएं हैं। वहीं, साइंस संकाय में कुल 14,069 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 9,322 छात्र और 4,747 छात्राएं हैं। कॉमर्स संकाय में कुल 2,671 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 1,923 छात्र और 748 छात्राएं हैं। इसके अलावा, वोकेशनल कोर्स में कुल 27 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 19 छात्र और 8 छात्राएं शामिल हैं।
इन वेबसाइटों पर देख सकते हैं रिजल्ट
biharboardonline.bihar.gov.in
