डीडवाना में नागौर रोड पर कोलिया गांव के पास सोमवार शाम एक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान खुनखुना गांव निवासी अजीज खान और उनकी पत्नी नाजरीन के रूप में हुई है। उनका बेटा साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल को तत्काल राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। डीडवाना थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार कार अनियंत्रित होकर पलटी थी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल जारी है।
Source link
