हांसी में गुरुवार को जिला सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। शिविर में मुख्य रूप से फैमिली आईडी, पेंशन, सीवर व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस मौके पर बुढ़ाना गांव के रतिराम ने अपनी फैमिली आईडी में गलत तरीके से जुड़े तीन प्लॉट हटाने की शिकायत की। गगनखेड़ी निवासी कपूरी देवी अपने बेटे के नाम में फैमिली आईडी में हुई गलती को ठीक करवाने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कई बार चक्कर लगाने के बावजूद अब तक इसका समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने सुनाई अपनी समस्याएं वहीं वार्ड नंबर 2 की सुदेश देवी ने भी अपने बेटों के खातों को दुरुस्त करवाने की मांग की। रामलाल कॉलोनी के कई निवासियों ने नई सीवर लाइन डलवाने की मांग उठाई। सोरखी गांव के पूर्व सरपंच सत्यनारायण ने गांव के स्टेडियम की चारदीवारी, उसमें जमा हो रहे गंदे पानी की निकासी और मिट्टी भराव की समस्या को सामने रखा। अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा विकास नगर के जिले सिंह अपने घर के पास लगे बाड़ के पेड़ को हटवाने की शिकायत लेकर पहुंचे। उनका कहना था कि पेड़ के टूटे हुए पत्ते और जड़ें उनके मकान को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला बताया है। मदनखेड़ी गांव की एक युवती ने शोरगुल से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। शिविर के दौरान एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
Source link
